Bareilly News: घर छोड़कर गई छात्रा ने पुलिस को सुनाई झूठी कहानी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 17 Jun 2023 12:51 AM IST
बरेली। शाही की रहने वाली 13 साल की छात्रा मां की डांट से नाराज होकर बुधवार को घर से चली गई। शाही पुलिस ने छात्रा को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया तो छात्रा ने मुंबई से आने की झूठी कहानी गढ़ दी। शुक्रवार को जब परिजन छात्रा को खोजते हुए शाही थाने रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो छात्रा के अनाथालय में होने की जानकारी मिली।
परिजनों का कहना है कि बुधवार को छात्रा को मां ने किसी बात पर डांट दिया था, इस पर वह गुस्सा होकर घर से चली गई। काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनाें ने दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। इस पर परिजनों ने शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। थाने में परिजनों को पता चला कि पुलिस ने छात्रा को एक दिन पहले ही बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया था। समिति की ओर से भी छात्रा के माता-पिता की तलाश कराई जा रही थी। इस दौरान छात्रा को आर्यसमाज अनाथालय में रखा गया। समिति के सामने दर्ज बयान में छात्रा ने मुंबई से आने की बात कही। समिति के निर्देश पर छात्रा को परिजनों को सौंपने के लिए कहा गया है।



