Bareilly News: 40 लाख की चोरी का जीआरपी को नहीं मिला सुराग
बरेली। लखनऊ मेल के एसी-फर्स्ट कोच से नकदी-जेवर समेत करीब 40 लाख रुपये की चोरी के मामले में जीआरपी को एक पखवाड़े बाद भी सुराग नहीं मिला है। चोरों का पता लगाने के लिए गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक क्लू खंगाले जा रहे हैं। बरेली जंक्शन समेत कई स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा चुके हैं।
तकनीकी रेल दावा प्राधिकरण के सदस्य नरेंद्र प्रसाद पांडेय और उनकी पत्नी ज्योति पांडेय 24 जुलाई को 12230 लखनऊ मेल के एसी-फर्स्ट कोच की सीट नंबर 11 और 12 पर दिल्ली से लखनऊ के लिए यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के करीब आने पर उन्होंने देखा कि उनके सूटकेट से करीब 40 लाख के जेवर और नकदी गायब है। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर 25 जुलाई को सुबह जीआरपी चारबाग में एफआईआर दर्ज कराई। बाद में यह एफआईआर बरेली जीआरपी को ट्रांसफर कर दी गई। जीआरपी की पांच टीमें खुलासा करने में जुटी हैं, लेकिन अब तक हाथ खाली हैं। संवाद
राजधानी और जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस में चोरी की कोशिश
बरेली। जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस में मंगलवार को चोरी की कोशिश की गई। जम्मूतवी से हावड़ा जाने वाली ट्रेन में रामपुर-बरेली के बीच यात्रियों ने तीन लोगों को चोरी करते पकड़ लिया। इनमें दो युवक और एक युवती है। ट्रेन के बरेली आने पर तीनों को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी गई है। राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भी मंगलवार को चोरी की कोशिश की गई। टीटीई की ओर से मेमो मिलने के बाद जंक्शन पर जीआरपी ने ट्रेन में चेकिंग की। इंस्पेक्टर अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि टीटीई ने ट्रेन में चोरी की कोशिश की सूचना दी थी। जांच की जा रही है। संवाद
न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में यात्री घायल
बरेली। न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट से गिरकर यात्री घायल हो गया। ट्रेन मंगलवार सुबह साढ़े तीन घंटे की देरी से 10:33 बजे बरेली आई थी। जनरल कोच की ऊपरी सीट से गिरे यात्री के सिर में चोट आई। यात्रियों ने टीटीई को जानकारी दी। टीटीई ने कंट्रोल रूम को बताया। ट्रेन के बरेली जंक्शन आने पर यात्री को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। इस दौरान ट्रेन को जंक्शन पर नौ मिनट का अतिरिक्त ठहराव देना पड़ा। संवाद
दो ट्रेनों के निरस्तीकरण की तारीखों में बदलाव
बरेली। रेलवे ने बरेली होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की दो ट्रेनों के निरस्तीकरण की तारीखों में बदलाव किया है। 14674 अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस 13 से 29 अगस्त तक निरस्त रहेगी। 15652 जम्मूतवी-गुवाहटी एक्सप्रेस अब 18, 25 अगस्त और एक सितंबर के स्थान पर 16, 23 और 30 अगस्त को निरस्त रहेगी। कुछ अन्य ट्रेनों के निरस्तीकरण की तारीखों में भी बदलाव किया गया है लेकिन ये ट्रेनें बरेली होकर नहीं गुजरती हैं। संवाद



