Bareilly News: पीलीभीत बाइपास पर लगा भीषण जाम, ढाई घंटे रेंगते रहे वाहन
बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। मंगलवार को भी पीलीभीत बाइपास के कई इलाकों में करीब ढाई घंटे भीषण जाम लगा रहा। संजयनगर चौराहे से डोहरा मोड़ तक दिनभर वाहन रेंगते रहे। दोपहर करीब दो बजे विकट स्थिति हो गई। यातायात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
जाम का प्रमुख कारण मनमाने तरीके से वाहनों का संचालन है। डोहरा मोड़, संजयनगर चौराहा, सौ फुटा रोड पर भी सैकड़ों वाहन जाम में फंस रहे। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुरेश शर्मा नगर में सड़क की एक लेन बंद
सुरेश शर्मा नगर में सड़क की एक लेन पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यहां एक लेन से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। दिन में कई बार यहां जाम की स्थिति बनी। जल्दी निकलने के चक्कर में वाहन आड़े-तिरछे होने से समस्या बढ़ जाती है। खोदी गई मिट्टी धूल बनकर उड़ने से लोगों को दिक्क्त उठानी पड़ रही है।
सहालग में और बढ़ेगी समस्या
सहालग शुरू होने वाला है। पीलीभीत बाइपास और बदायूं रोड पर सबसे ज्यादा बरातघर और मैरिज लॉन हैं। कई मैरिज लॉन के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में इन इलाकों में जाम लगना आम बात है। आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ेगी।
वर्जन-
सुरेश शर्मा नगर में सड़क की एक लेन बंद होने से समस्या आ रही है। विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले जाम का कारण बन रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। पीलीभीत बाइपास पर बरात घरों की वजह से भी समस्या होती है। कहीं पर जाम की समस्या न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। – राममोहन सिंह, एसपी यातायात



