Rampur News: डेंगू से अपना दल एस के जिला सचिव की मौत
रामपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। अपना दल एस के जिला सचिव राजेंद्र कुर्मी (49) की डेंगू से मंगलवार तड़के मौत हो गई। वह कई दिन से बरेली के एक अस्पताल में भर्ती थे। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्राम भैसोड़ी शरीफ निवासी राजेंद्र कुर्मी अपना दल एस के जिला सचिव के पद पर तैनात थे। उन्हें चार दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। हालत बिगड़ने पर डॉ. ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया तो परिजन उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनका उपचार चल रहा था। मंगलवार तड़के चार बजे उनकी अस्पताल में ही मौत हो गई।
राजेंद्र की मौत की सूचना पर अपना दल एस के स्वार विधायक शफीक अंसारी, पार्टी के जिलाध्यक्ष घनवीर सिंह सिंधु, जिला सहकारी बैंक के पूर्व चैयरमेन देव करन फौजी, कपिल कोरी सहित तमाम नेताओं ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। दोपहर बाद गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। डेंगू से क्षेत्र में तमाम लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार डेंगू से कोई मौत नहीं हुई है।
डेंगू के नौ और रोगी मिले
रामपुर। जिले में मंगलवार को डेंगू के नौ रोगी मिले हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में पहाड़ी गेट, जेल रोड, एकता विहार कॉलोनी, शाहबाद गेट और पुलिस लाइन क्षेत्र में डेंगू का एक-एक रोगी मिला है देहात में चमरौआ, मिलक, बिलासपुर में डेंगू के रोगी मिले हैं। इनमें एक रोगी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब तक 778 डेंगू के रोगी मिल चुकी है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया सभी रोगियों की निगरानी की जा रही है। संवाद


