बरेली

Bareilly News: आईजी ने लिया संज्ञान, गूगल मैप से चिह्नित होगा इलाका

Connect News 24

बरेली। लगातार नवीं महिला की एक ही तरीके से हत्या होने से पुलिस बैकफुट पर है। अब तक की सारी कवायद धराशायी होती दिख रही है। आईजी ने फिर संज्ञान लेकर गूगल मैप से हत्याओं के प्रभावित इलाके को चिह्नित करने का फैसला लिया है।

आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने पिछले दिनों लगातार हत्याओं के बाद इलाके में दर्जन भर पुलिस टीमें लगाई थीं। उन दिनों महिलाओं की हत्याएं थम गई थीं। अब दोबारा वही स्थिति है। पिछले दिनों दुलारी देवी की मौत के बाद पुलिस की टीमें शाही इलाके में लगी हैं तो उससे सटे शीशगढ़ के गांव में हत्या हो गई। आईजी ने बताया कि गूगल मैप से ऐसे इलाके को चिह्नित किया जाएगा जहां गले में फंदा लगे महिलाओं के शव मिले हैं। भले ही उन मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ भी रही हो। उस इलाके में गांव-गांव पंचायत कर ग्रामीणों व प्रधानों की मदद से संदिग्धों व मानसिक विकृत लोगों को चिह्नित किया जाएगा। जेल से छूटे अपराधियों की भी तस्दीक और उनकी भूमिका का सत्यापन किया जाएगा। ऐसे लोगों के बारे में भी जानकारी की जाएगी जिन्हें किसी उम्रदराज महिला से किसी तरह का धोखा मिला हो।

दुलारी देवी समेत कुछ महिलाओं की मौत के मामले में सारे साक्ष्य हत्या से जुड़े होने के बावजूद उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। कुछ में तो विसरा की रिपोर्ट भी सामान्य ही आई है। ऐसे में कुछ गुत्थियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उलझा रखी हैं। आईजी ने बताया कि विवेचकों को निर्देश दिया जाएगा कि पोस्टमार्टम करने वाले पैनल के डॉक्टरों के साथ बैठकर ऐसे मामलों में मौत की अन्य संभावनाओं को लेकर जानकारी जुटाएं।

उर्मिला के पति वेदप्रकाश ने बताया कि दो बेटे और दो बेटियों का भरा पूरा परिवार है। बड़ा बेटा बहू के साथ ससुराल गया था। छोटा बेटा उनके साथ ही रहता है। वह बेटे के साथ जाफरपुुर में किसी काम से गए थे। उर्मिला को जाने क्या सूझी जो अकेली ही खेत पर चली गईं। बताया कि वह धार्मिक प्रवृत्ति की थी। वह हर रविवार राधास्वामी के सत्संग में जाती थीं। रविवार सुबह भी वह सत्संग में गई थीं। वहां से दो बजे लौटकर उन्हें भोजन बनाकर दिया।

शीशगढ़ थाने के गांव लखीमपुर की महमूदन, कुल्छा गांव की धानवती, सेवा ज्वालापुर निवासी वीरावती, खजुरिया निवासी कुसुमा देवी, शाही के मुबारकपुर गांव की शांति देवी, आनंदपुर की प्रेमवती, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला की रेशमा देवी व शाही के गांव खरसैनी की दुलारी देवी की पांच महीने में एक ही तरह से जान जा चुकी है। अधिकांश महिलाओं के गले में फंदा कसा मिला था। कुछ के शव खराब हो चुके थे तो पुलिस ने विसरा रिपोर्ट के बहाने हत्या की बात खारिज कर दी। शुरू के एक मामले में परिजनों ने न तहरीर दी और न पोस्टमार्टम कराया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button