बरेली

Bareilly News: हकीकत में बिजली गुल, कागजों में आपूर्ति फुल

Connect News 24

बरेली। शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने के अफसरों के दावे हवा में उड़ गए। गर्मी बढ़ते ही लाइनों में फाल्ट बढ़ गए। बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। आपूर्ति कागजों में भले ही भरपूर दी जी रही हो पर मोहल्लों में भारी कटौती है। इस कारण लोगों की मुसीबत बढ़ती जा रही है। अफसर आंकड़ों में खेल कर कर रहे हैं।

शुक्रवार को स्टेशन रोड पर वाजपेयी होटल और स्टेट बैंक कॉलोनी के आसपास वाले क्षेत्र के 500 से अधिक घरों में सुबह चार बजे बिजली गई और शाम चार बजे के बाद आई। बिजली के साथ पानी के लिए भी लोग 12 घंटे तक तरस गए, लेकिन अफसरों ने सिर्फ साढ़े पांच घंटे का संकट स्वीकार किया है। अधिकारियों के दावे पर यकीन करें तो सुबह पांच बजे बिजली बंद हुई और साढ़े दस बजे आ गई थी, लेकिन स्टेशन रोड निवासी उपभोक्ता जाहिद हुसैन ने जमीनी हकीकत सामने रखी है। उनका कहना है कि बिजली लाइन ठीक करने में 12 घंटे का वक्त लगा दिया। उपभोक्ता पूरा दिन गर्मी में तपते रहे। सीबीगंज सब स्टेशन से जुड़े बरेली टू फीटर के शास्त्री नगर, बालाजी विहार, अशरफ खां छावनी, त्रिलोक विहार, ग्रेटर आकाश, बसंत विहार, जीएन सिटी में सुबह चार बजे बिजली गई थी और दोपहर दो बजे के बाद मिली, लेकिन अफसरों ने दिन में साढ़े दस बजे पूरी आपूर्ति बहाल दिखा दी।

सुभाषनगर में सुबह चार बजे से रात 11 बजे तक आपूर्ति का हाल बेहाल रहा, लेकिन सिर्फ साढ़े पांच घंटे कटौती दिखाई है। लोगों का कहना है कि बिजली पूरे दिन में कुछ देर के लिए मिली। रात में 11 बजे आपूर्ति सामान्य हुई है। मढ़ीनाथ, पाल काॅलोनी, शांति विहार में भी साढ़े पांच घंटे कटौती दिखाई गई है, लेकिन सुभाषनगर के कुछ हिस्सों को वैकल्पिक व्यवस्था में मढ़ीनाथ की बिजली लाइन से बिजली आपूर्ति दिए जाने की वजह से पूरे दिन संकट रहा। इसका भी जिक्र अभिलेखों में नहीं किया गया।

फोन कॉल रिसीव नहीं करते अभियंता

जब कटौती बाधित होती है तब आम जनता यही यही जानना चाहती है कि कब तक बिजली आपूर्ति बहाल होगी, लेकिन कई जेई और एसडीओ फोन काॅल रिसीव करना उचित नहीं समझते। ऐसे में लोग अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को काॅल लगाते हैं। इस तरह की शिकायतों का संज्ञान लेकर मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा ने सभी अभियंताओं से कहा है कि लोगों के फोन की कॉल अवश्य अटेंड करें।

यह है खेल

असल में एक घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति अगर फेल या प्रभावित होती है तो इसकी सूचना मुख्यालय तक जाती है। इसलिए अधिकारी कटौती का समय घटाने के लिए खेल करते हैं। कटौती का समय कम से कम दर्शाना पड़े। इसके लिए प्रयास होता है। अगर सीबीगंज के बरेली टू फीडर की बात करें तो इसके कुछ हिस्सों को चालू करने के बाद पूरे फीडर की सप्लाई कागज में चालू दिखा दी गई। जबकि तमाम उपभोक्ता बिजली के लिए तरसते रहे।

उपभोक्ता की बात

जब से गर्मी बढ़ी है तब से बिजली व्यवस्था फेल हो गई। 24 घंटे में 10 से 20 बार बिजली जाती है। – निम्मी लाल, नकटिया मोहनपुर

गर्मी से पहले अधिकारियों ने सिस्टम ठीक किया गया होता तो इतना बिजली का संकट नहीं आता। – राजदा बी, बिहारीपुर करोलान

मैं केबल ऑपरेटर हूं, लेकिन बिजली ने सेवाओं को प्रभावित किया है। लोग फोन करते हैं कि केबल नहीं चल रही। मैं कहता हूं कि बिजली आने तक इंतजार करें। – मंगल, सुभाषनगर

बिजली इतनी जा रही है कि इन्वर्टर डिस्चार्ज हो जाते हैं। मोबाइल की बैट्री भी चार्ज नहीं हो पा रही हैंं। गर्मी में अफसरों के दावों की हवा निकल गई। – मोहित दीक्षित, व्यापारी, सुभाषनगर

बिजली न आने से 20 लीटर दूध खराब हो गया। पहले से पता होता कि आठ घंटे बिजली नहीं आएगी तो दूध बांट देते। – धर्मेंद्र मौर्य, दुकानदार, बदायूं रोड

जब रेस्टोरेंट के इन्वर्टर जवाब दे गए तो ग्राहक आना बंद हो गए, इस कारण घर के इनवर्टर की बैट्री लाए। वह भी कुछ ही देर चल पाई। पूरा दिन बिजली संकट में बीता। – अरविंद पटेल, बदायूं रोड

बिजली न आने से इंटरनेट की सेवाएं हुईं प्रभावित

बरेली। बिजली आपूर्ति बाधित होने से विकास भवन की इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गईं। अल्पसंख्यक कल्याण और दिव्यांग कल्याण विभाग में कर्मचारी डाटा फीडिंग के लिए इंटरनेट आने का इंतजार करते रहे। जब इंटरनेट नहीं चला काम प्रभावित हुआ। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के लिपिक अयूब अंसारी ने दोपहर तीन बजे बताया कि डाटा फिडिंग के लिए इंटरनेट की कनेक्टिविटी आने का इंतजार कर रहे थे। वहीं दिव्यांग कल्याण विभाग के बाबुओं ने मोबाइल में आ रही कनेक्टिविटी से काम चलाया।

शाहदाना में आज से कल तक होगी 16 घंटे बिजली कटौती

बरेली। शाहदाना सब स्टेशन से जुड़े 12 हजार उपभोक्ताओं को 20 मई को सुबह 9 बजे से 21 मई को दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति की जाएगी। यानि 24 घंटे में 16 घंटे बिजली कटौती की जाएगी। सब स्टेशन पर 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर हैं। एक की मरम्मत होगी। एक ट्रांसफार्मर से आपूर्ति दी जाएगी। साठ हजार लोग बिजली संकट में रहेंगे। उन्हें 24 घंटे सप्लाई नहीं मिलेगी। उप खंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि कुल आठ फीडर हैं। एक बार में चार फीडरों को बिजली आपूर्ति दी जाएगी। कांकरटोला, रोहिलीटोला, हजियापुर, माधोवाड़ी, सैलानी, कसाई टोला, वाल्मिकी बस्ती, कटी कुईया, बाग अहमद अली, सिकलापुर, मटकी चौकी, शास्त्री मार्केट एवम कुछ अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। अगर कोई परेशानी आती है तो 1912 व 18001800440 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ब्यूरो


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button