बरेली

Bareilly News: हादसे रोकने के लिए स्टेट और नेशनल हाईवे का होगा संयुक्त ऑडिट

Connect News 24

बरेली। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने मंडल में संयुक्त ऑडिट शुरू कर दिया है। बरेली और शाहजहांपुर में स्टेट और नेशनल हाईवे को लेकर ज्यादा गंभीरता से काम किया जा रहा है। दरअसल, मंडल में ज्यादा सड़क हादसे इन दोनों जिलों में ही बढ़े हैं। हादसों में मरने वालों और घायलों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। नेशनल हाईवे 24, नेशनल हाईवे 37, नेशनल हाईवे 530बी के ब्लैक स्पॉट का अध्ययन भी किया जा रहा है।

जिले में नेशनल हाईवे पर 13 और स्टेट हाईवे पर 14 ब्लैक स्पॉट हैं। इसके अलावा अन्य जिला मार्गों पर भी 10 ब्लैक स्पॉट हैं। इनमें सात ब्लैक स्पॉट ही लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। अन्य ब्लैक स्पॉट उत्तर प्रदेश राजमार्ग प्राधिकरण (उपसा) और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधीन आते हैं। बरेली में एक जनवरी से 30 जून के बीच ज्यादातर हादसे उपसा और एनएचएआई के अधीन आने वाले ब्लैक स्पॉट पर हुए हैं।

परिवहन विभाग सड़क हादसों का सबसे बड़ा कारण तेज रफ्तार और हाईवे पर रॉन्ग साइड में वाहन चलाने को मान रहा है। ओवर स्पीड की वजह से हुए हादसों में सबसे बड़ा कारण नेशनल और स्टेट हाईवे के अवैध कटों को ही माना जाता है। जिले में सबसे ज्यादा हादसे बरेली-बदायूं, बरेली-मुरादाबाद, बरेली-लखनऊ, बरेली-बागेश्वर हाईवे पर हो रहे हैं।

मई में रिकाॅर्ड 99 हादसों में 40 लोगों की जान गई

आमतौर पर सर्दियों में कोहरे के दौरान और गर्मियों में बारिश के दौरान सड़क हादसों में इजाफा होता है। इस बार मई में मौसम सामान्य रहने के दौरान भी सड़क हादसों में रिकाॅर्ड इजाफा हुआ है। परिवहन विभाग के आंकडों के अनुसार मई में जिले में कुल 99 सड़क हादसों में 40 लोगों की जान गई। 76 लोग घायल भी हुए।

एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल रहे जिम्मेदार विभाग

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग के साथ लोक निर्माण विभाग, उपसा और एनएचएआई की जिम्मेदारी होती है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाईवे के अवैध कट बंद कराना उपसा और एनएचएआई की जिम्मेदारी है। विभाग के अधीन जो ब्लैक स्पॉट और कट आते हैं, वहां पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं। अवैध कटों को लेकर उपसा और एनएचएआई के अधिकारियों को लिखा गया है।

वर्जन

पुलिस, परिवहन और लोक निर्माण विभाग मिलकर सड़क हादसों को नियंत्रित करने के लिए काम कर रहे हैं। बरेली-बागेश्वर हाईवे के अवैध कट बंद कराए गए हैं। सभी हाईवे का संयुक्त ऑडिट किया जा रहा है। उपसा और एनएचएआई को भी लिखा गया है। हादसों को रोकने के लिए सभी उपाय किए जाएंगे। – नारायण सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button