बरेली

Bareilly News: लूडो से खेल रहे थे जुआ, लेनदेन में कहासुनी पर गोली मारी

Connect News 24

बरेली। शिवम गुप्ता उर्फ चैंपी की हत्या लूडो के खेल से हो रहे जुए की वजह से की गई। पुलिस की अब तक की जांच में इसी तरह की बातें सामने आ रही हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध पकड़े हैं। शनिवार को घटना का खुलासा हो सकता है।

बारादरी थाना क्षेत्र में जुआ और सट्टे का काम बड़े पैमाने पर होता है। गंगापुर इस तरह के खराब कामों का अड्डा है। नागपंचमी मेला मैदान में जुआ व सट्टा आम बात है। शिवम के साथ हुई घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह भी इसी मैदान में तात्कालिक विवाद का परिणाम रही। शिवम अपने हमउम्र दोस्तों के साथ यहां लूडो से जुआ खेल रहा था। बताते हैं कि किसी बात पर साथ बैठे चार-पांच दोस्तों में बहस हो गई। सूत्रों के मुताबिक एक दोस्त ने दूसरे का तमंचा लेकर शिवम की कनपटी पर गोली मार दी और फरार हो गए। गोली 315 बोर के तमंचे से चली थी। पोस्टमार्टम टीम को यह गोली सिर के बीच फंसी मिली।

बताते हैं कि भागते समय आरोपियों ने मैदान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि आसपास के दूसरे कैमरों से शिवम के साथ बैठे दोस्तों की पहचान हो गई। ये लोग शिवम का मोबाइल फोन भी लेकर भागे थे। मौके पर दारू पार्टी होने की पुष्टि हुई। शिवम बीयर पीता था। बीयर की खाली केन भी मौके पर मिली। इससे पुष्टि हो गई कि वह दोस्तों के साथ ही बैठा था। आरोपी भी गंगानगर बस्ती के और हमउम्र ही बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पुलिस अज्ञात में तहरीर लेकर अपनी ओर से खुलासा करके नाम खोलेगी।

पत्नी और परिजनों को कुछ नहीं बताता था शिवम

सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे शिवम के छोटे भाई ने बताया कि दो साल से शिवम का घर आना-जाना नहीं था। इसलिए उसकी दोस्ती या दुश्मनी किससे है, उन लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। पत्नी के तौर पर मौजूद शीतल ने बताया कि शिवम बाहर की किसी बात की चर्चा घर में नहीं करता था।

गोला और अजय हत्याकांड से नहीं मिला जुड़ाव

पिछले साल 21 नवंबर को गंगापुर में सुजीत उर्फ गोला नाम के पल्लेदार की हत्या की गई थी। इसमें मुख्य आरोपी राहुल उर्फ अप्पा था। अप्पा का गोली मारते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था। बताते हैं कि गोला व अप्पा दोनों से ही शिवम की दोस्ती थी। हाल ही में अजय वाल्मीकि की हत्या प्रेमनगर थाने के पास की गई थी। लोगों का कहना है कि अजय भी शिवम का करीबी था। अजय की हत्या के पीछे सट्टेबाजी की गैंगवार का मामला था। इस घटना को उन दोनों घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि देर रात स्थिति साफ हो गई।

अर्जुन को मारा था चाकू, पॉक्सो में काटी जेल

शिवम के खिलाफ बारादरी थाने में तीन मुकदमे बताए जा रहे हैं। एक महिला ने उस पर जेवर हड़पने और बेटी से छेड़खानी की रिपोर्ट कराई थी। पॉक्सो एक्ट लगने पर शिवम एक साल जेल में रहा। फिर जमानत पर छूटा था। अर्जुन नाम के युवक को शिवम में चाकू मार दिया था। उस मामले में भी वह जेल गया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button