Bareilly News: मेरठ एसटीएफ ने बरेली आकर पकड़ी पौने तीन किलो स्मैक, दो गिरफ्तार
बरेली। एसटीएफ की मेरठ इकाई ने बिथरी थाना क्षेत्र में दबिश देकर स्मैक की खेप ले जाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो किलो 780 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
एसटीएफ के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस के साथ खजुरिया तिराहे पर चेकिंग शुरू की। संयुक्त टीम ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 2780 ग्राम स्मैक मिली। बिथरी थाने लाकर इनसे पूछताछ की गई।
आरोपियों ने अपने नाम फतेहगंज पूर्वी थाने के गांव खनी नवादा निवासी संतराम और लालाराम बताए। तस्करों के खिलाफ बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। उन्हें कोर्ट से जेल भेज दिया गया। टीम में एसटीएफ मेरठ के दरोगा देशदीपक सिंह और कांस्टेबल शिवकुमार मौजूद थे।
झारखंड से मिली थी खेप, बरेली में कई जगह देनी थी सप्लाई
मेरठ एसटीएफ और बिथरी थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने आरोपियों से पूछताछ की तो उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला। पता लगा कि यह करियर के रूप में किसी शख्स के लिए काम कर रहे थे। जिसके लिए काम कर रहे थे, उसके बारे में भी इनके पास ज्यादा जानकारी नहीं थी। सारी बातें व्हाट्सएप कॉल और मेसेज के जरिये हो रही थीं। पता लगा कि झारखंड का कोई तस्कर इन्हें स्मैक देकर गया था। बिथरी होते हुए ये बरेली की ओर जा रहे थे। वहां इन्हें कई जगह कम-कम मात्रा में स्मैक देनी थी। पुलिस ने उन नंबरों का ब्योरा भी जुटा लिया, जिनसे व्हाट्सएप कॉल के जरिये संपर्क किया जा रहा था।



