बरेली

Bareilly News: ओवरलोडिंग से हांफ रहा सिस्टम, फाॅल्ट ठीक होने में लग रहे कई घंटे

Connect News 24

बरेली। ओवरलोडिंग से शहर की बिजली लाइनें व ट्रांसफार्मर हांफ रहे हैं। बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। फॉल्ट होने के बाद अवर अभियंता उपभोक्ताओं की कॉल रिसीव नहीं करते। कॉल यदि रिसीव हो जाती है तो भी फॉल्ट ठीक होने में कई घंटे लग जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं को घंटों पसीना बहाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि गर्मी से पहले बिलिंग सिस्टम में फीड उनके मोबाइल नंबर पर कटौती के समय का मेसेज आता था, अब वह भी बंद हो गया है। औसतन रोज 50,000 से अधिक लोग परेशान हो रहे हैं।

मिशन कंपाउंड में सोमवार सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक कई बार ट्रिपिंग हुई। वोल्टेज भी कम रहा। दस दिन से बिजली आपूर्ति बेपटरी है। सिविल लाइंस और प्रभा टॉकीज के आसपास के क्षेत्र में तीन दिन से वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हो रहा है। उपभोक्ताओं के घर में लगे उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। सन सिटी में रविवार रात 12 से 2 बजे तक लो-वोल्टेज होने से 5 हजार लोगों की नींद खराब हुई।

जेई और एई को कॉल की पर रेस्पॉंस नहीं मिला

महेंद्रनगर निवासी डॉ. अमित वर्मा ने हरुनगला उपकेंद्र पर फोन किया तो ऐसी टोन आई जिससे लगा कि किसी ने रिसीवर हटाकर अलग रख दिया हो। उन्होंने जेई और एई को कॉल की पर रेस्पांस नहीं मिला। तब कुतबुखाना के एसडीओ को फोन किया। उन्होंने कंट्रोल रूम का नंबर दिया। कंट्रोल रूम पर कॉल करके हकीकत बताई तो एक घंटे बाद बिजली ठीक हो पा पाई।

किला क्षेत्र के जसौली में लो-वोल्टेज रहा। आधी रात के बाद वोल्टेज मिला तब पंखे-कूलर चल सके। सोमवार दोपहर में अचानक बिजली गुल हो गई। जेई का फोन रिसीव नहीं हुआ। किला छावनी में कई बार ट्रिपिंग हुई। उपभोक्ताओं ने बताया कि एक महीने से आपूर्ति व्यवस्था चौपट है। रात मे फोन करके अगर अभियंताओं को बताने के बाद भी सुबह तक आपूर्ति ठीक होने का इंतजार करना पड़ता है।

कोट

जहां पर लाइन स्टाफ कम है, वहां फाॅल्ट अटेंड होने में देरी हो सकती है। सभी कर्मचारियों को तत्काल फाॅल्ट अटेंड करने के आदेश हैं। उपलब्ध साधनों के हिसाब से जल्दी से जल्दी फाॅल्ट ठीक कराए जा रहे हैं। दिक्कत होने पर उपभोक्ता 0581-2421333 नंबर पर कंट्रोल रूम को अवगत कराएं। – राजीव कुमार शर्मा, मुख्य अभियंता

भूमिगत होंगी बिजली लाइनें

सन सिटी में दोहना सब स्टेशन से 33 केवी की बिजली लाइन आती है। इसको भूमिगत करने का प्रस्ताव तैयार हो गया है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि जरा सी हवा चलने पर सन सिटी और महानगर की आपूर्ति प्रभावित होती है। इसलिए लाइन को भूमिगत किया जाएगा।

गर्मी से पहले नहीं कराई पेड़ों की छंटाई

हरुनगला में अभियंताओं ने बिजली लाइनों पर आ रही पेड़ों की टहनियों को गर्मी से पहले नहीं छंटवाया। अभियंताओं ने भीषण गर्मी के बीच शनिवार शाम व रविवार सुबह 8 से अपराह्न 2 बजे तक पेड़ों की छंटाई के लिए शटडाउन लिया। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने दावा किया कि फरवरी में पेड़ों की छंटाई कराई गई थी। कुछ बचे काम को अब कराया गया है। अब आपूर्ति बाधित नहीं होगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button