Bareilly News: ट्रेनों में वेटिंग टिकट की सीमा तय नहीं होने से बढ़ रही दिक्कतें
बरेली। ट्रेनों में वेटिंग टिकट की सीमा तय न होने का खामियाजा कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 200 के पार पहुंच गई है। त्योहार के सीजन में ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव ज्यादा है। बमुश्किल सात-आठ फीसदी वेटिंग टिकट ही कंफर्म हो पा रहे हैं। ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने के इंतजार में यात्री लंबी वेटिंग होने के बाद भी टिकट रिफंड नहीं करा रहे।
रेलवे काफी समय से ट्रेनों में वेटिंग टिकट की सीमा तय करने पर विचार रहा है। इसके लिए रेलवे बोर्ड सभी रेल मंडलों से सुझाव भी मांग चुका है। नई आरक्षण व्यवस्था के तहत ट्रेन की कुल सीटों के सापेक्ष 10 फीसदी तक वेटिंग टिकट जारी करने की व्यवस्था है। फिलहाल, इस व्यवस्था के लागू न होने से कई ट्रेनें 70-80 फीसदी तक वेटिंग टिकट बिक जा रहे हैं। इस वजह से ट्रेनों में नो रूम की स्थिति पैदा हो रही है। रेलवे हर बार त्योहारी सीजन में ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाता है। इससे काफी संख्या में वेटिंग टिकट भी कंफर्म हो जाते हैं। इस बार भी अप-डाउन छह ट्रेनों में अतिरिक्त कोच प्रस्तावित हैं।
रेलवे बोर्ड नई आरक्षण प्रणाली में वेटिंग टिकटों की सीमा तय करने पर विचार कर रहा है। फिलहाल, वेटिंग टिकट की सीमा निर्धारित न होने से ट्रेनों में नो रूम की स्थिति बन रही है। – राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल



