Bareilly News: सामान्य हुईं रेल सेवाएं, हफ्तेभर बाद जंक्शन गुलजार
बरेली। रेल सेवाएं सामान्य होने के बाद मंगलवार हो जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ दिखी। ज्यादातर ट्रेनों में सीटों को लेकर मारामारी की स्थिति रही। हफ्तेभर बाद सामान्य और आरक्षित टिकट खिड़की पर भी यात्रियों की कतारा दिखी। बरेली से होकर गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। बुधवार से पांच और ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
बारिश व बाढ़ के चलते 10 जुलाई से ट्रेनों को निरस्त और शाॅर्ट टर्मिनेट करने का सिलसिला शुरू हुआ था। बरेली होकर दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़, अंबाला और जम्मू की ओर जाने वाले ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई थीं। रोजाना औसतन 40 ट्रेनें निरस्त रहीं। इतनी ही ट्रेनों को रोज शाॅर्ट टर्मिनेट करना पड़ा। मंगलवार को लगभग सभी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। निरस्त चल रहीं 15119/15120 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस, 15005 मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस, 15651 गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 15655 कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का संचालन बुधवार से होगा।
आठ दिन अटके रहे पार्सल
फोटो
रेल सेवाएं बाधित होने से आठ दिन तक पार्सल भी अटके रहे। लोगों को जंक्शन के चक्कर लगाने के साथ ही शिकायतें भी दर्ज करानी पड़ीं। अब रेल सेवाएं सामान्य होने के बाद पार्सलों की लोडिंग-अनलोडिंग भी शुरू हो गई है।
मंगलवार को बरेली होकर गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनों में पार्सल लोड करने के लिए भी आपाधापी की स्थिति रही। दिल्ली से बनारस जाने वाली 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस मंगलवार को एक घंटे देरी से शाम 5:48 बजे बरेली आई। इस ट्रेन का बरेली में ठहराव पांच मिनट का है, लेकिन पार्सल लोडिंग-अनलोडिंग के लिए ट्रेन को अतिरिक्त ठहराव दिया गया। कुछ अन्य ट्रेनों को भी पार्सल के लिए इसी तरह रोका गया।
जंक्शन के पार्सल विभाग में भी ट्रेनों के निरस्तीकरण के कारण काफी पार्सल एकत्र हो गए हैं। पार्सल विभाग में रोजाना 10-12 शिकायतें आ रही हैं। इन लोगों को आठ दिन तक रेल सेवाएं बाधित रहने के बारे में बताया जा रहा है।
इन लोगों ने दर्ज कराई शिकायत
बरेली के नसीर उद्दीन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने बरेली से रत्नागिरि के लिए एक्टिवा स्कूटी पार्सल से भेजी थी। 15 दिन बाद भी पार्सल नहीं पहुंचा है। नवनीत ने मिराज जंक्शन से बरेली के लिए पार्सल से बाइक भेजी थी। 20 दिन बाद भी बाइक बरेली में रिसीव नहीं हुई है। धनंजय शुक्ला ने लखनऊ से मुरादाबाद पार्सल भेजा था। यह दूरी तय करने में ट्रेन को 15 दिन लग गए।



