बरेली

Bareilly News: बिजली के तार से निकली चिंगारी, तीन दुकानें राख

Connect News 24

बरेली। नावल्टी चौराहे के पास पहलवान साहब की दरगाह की मार्केट में सोमवार सुबह आठ बजे भीषण आग लग गई। इससे दो भाइयों की तीन दुकानें और उनके गोदाम में रखा करीब 40 लाख का सामान राख हो गया। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार भूमिगत लाइन से आपूर्ति शुरू होने के बाद भी विभाग ने ऊपर से गुजर रही लाइन नहीं हटाई। इसी से निकली चिंगारी से आग लग गई। सात दमकल व अग्निशमन कर्मियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

नावल्टी चौराहे से पटेल चौक की ओर चलने पर पहलवान साहब की दरगाह में मार्केट बनी है। इसमें एक छोर पर सिविल लाइंस निवासी आरिफ हसन नूरी का जूते का शोरूम है। इसके ऊपर से बिजली लाइन गुजर रही है। नूरी के मुताबिक सबसे पहले इसी लाइन के तार आपस में टकराए और चिंगारियां निकलने से उनके शोरूम के बोर्ड ने आग पकड़ ली।

उस समय अधिकांश दुकानें खुली न होने से लोगों का ध्यान इधर नहीं गया और आग अंदर की दुकानों व गोदामों में फैल गई। आरिफ के भाई समी उररहमान का रेडीमेड गारमेंट के शोरूम और पड़ोस में ही इमरान के जूते के शोरूम और गोदाम तक आग पहुंच गई और फिर पूरी इमारत से लपटें उठने लगीं।

चौकीदार नासिर ने लपटें देख अग्निशमन विभाग को सूचना दी। एक-एक कर सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। पानी की बौछार करने से पहले पता लगा कि बिजली आपूर्ति अभी चालू है। इसे बंद कराने में 10 मिनट और लग गए। तब तक आसपास के कई दुकानदार आ चुके थे। सभी के चेहरे उतरे हुए थे। उनको डर था कि कहीं आग उनकी दुकानों को भी चपेट में न ले ले। आग भड़कती तो नावल्टी चौराहे की और दुकानों में नुकसान होना तय था। एफएसओ संजीव यादव ने बताया कि मार्केट में आग काफी भड़क गई थी। स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे में इस पर काबू पा लिया।

दुकानदारों ने इस बात पर नाराजगी जताई। कहा कि जब उनकी दुकानों की सप्लाई अंडरग्राउंड बिजली लाइन से शुरू हो चुकी है तो फिर ऊपर से बिजली लाइनें क्यों नहीं हटाई जा रहीं। इस उधेड़बुन में मार्केट की बिजली आपूर्ति सात घंटे ठप रही। अपराह्न तीन बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button