Bareilly News: सपा का सियासी संदेश… विधायक अताउर रहमान को बनाया प्रदेश महासचिव
बरेली। समाजवादी पार्टी ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। बहेड़ी से विधायक व पूर्व मंत्री अताउर रहमान को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। जिले के सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी।
सपा ने पहली बार पश्चिमी उप्र में किसी को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी है। उन्हें यह जिम्मेदारी देकर पार्टी ने मुस्लिम नेताओं के बीच अपना सियासी संदेश भी साफ कर दिया है। मंडल में पीलीभीत से मंत्री रहे हाजी रियाज के बाद अताउर रहमान के खाते में बड़ा पद आया है। इससे पहले अताउर रहमान को 2009 में प्रदेश सचिव और फिर सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 2010 में राष्ट्रीय सचिव के पद पर रहे। इस दौरान पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। मौजूदा समय में बहेड़ी से विधायक अताउर रहमान 2002 और 2012 में भी इसी सीट से विधायक रह चुके हैं।
प्रदेश कार्यकारिणी में बरेली से अताउर रहमान के अलावा अयोध्या से जय शंकर पांडेय और अंबेडकरनगर से अनीसुर्रहमान को महासचिव बनाया गया है। बरेली मंडल में शाहजहांपुर से विजय सिंह को और पीलीभीत से कुलवंत सिंह को सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। बदायूं के राजेंद्र गुरु को भी सचिव बनाया गया है। लखीमपुर खीरी से सचिव के पद पर पूर्व विधायक डॉ. आरए उस्मानी और रामलखन पटवा की ताजपोशी की गई है। शशांक यादव को सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।
कार्यकारिणी घोषित होने के बाद सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, जिला प्रवक्ता मयंक शुक्ला मोंटी, उपाध्यक्ष रविंद्र यादव, प्रो. जाहिद खान, कदीर अहमद, अगम मौर्य, शिव प्रताप यादव, गौरव जायसवाल, हृदेश यादव, अहमद खान, मुकेश यादव, करन सिंह समेत अन्य नेताओं ने अताउर रहमान के आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।



