Bareilly News: छत्तीसगढ़ प्रांत में संदिग्ध हालात में मिठाई कारीगर की मौत
जलालाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कटका निवासी मिठाई कारीगर 35 वर्षीय विपिन राठौड़ की छत्तीसगढ़ प्रांत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को यहां शव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
करीब दो माह पहले विपिन राठौड़ पास के ही गांव सरायसाधौ निवासी अपने दो परिचितों के साथ छत्तीसगढ़ प्रांत के भिलाई पावर हाउस गया था। यहां वह मिठाई का काम करने लगा। बताते है कि उन दो परिचितों के अलावा बदायूं जनपद के दातागंज निवासी विपिन का एक रिश्तेदार भी वहां था। यह सभी लोग एक मकान में ही किराये पर रहते थे। यहां गांव में रह रही विपिन की पत्नी कुसुमा देवी ने बताया कि एक सितंबर की रात उसके पास किसी का फोन आया कि उसका पति लहूलुहान अवस्था में कमरे में पड़ा है।
उसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो सितंबर को शाहजहांपुर पहुंची कुसुमा ने एसपी से मुलाकात की और लूटपाट के बाद पति की हत्या कर देने की बात बताते हुए उनका पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। बताते हैं कि एसपी के हस्तक्षेप पर छत्तीसगढ़ में विपिन के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को यहां भिजवा दिया गया। सोमवार रात यहां शव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पत्नी के अलावा दो बेटियां व एक बेटा है। संवाद



