Bareilly News: मेला देखने गया परिवार, चोरों ने साफ किया घर
बिशारतगंज। मोहल्ला लोहिया नगर में कई घरों से चोरों ने हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। सभी का परिवार मेला देखने गया हुआ था। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर पुलिस को दी गई है।
वार्ड आठ मोहल्ला लोहिया नगर निवासी रमेश गोस्वामी, ओमपाल गोस्वामी, बाल गोविंद गोस्वामी, प्रदीप गोस्वामी, संतोष गोस्वामी और श्याम गोस्वामी के घर पड़ोस में हैं। शनिवार रात सभी अपने-अपने घरों में ताला लगाकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रामलीला मेले में लीला मंचन देखने गए थे। आधी रात के बाद जब सभी लौटे तो घरों के ताले टूटे पड़े थे। चोर सभी घरों से नगदी- जेवर सहित हजारों रुपये का सामान चुराकर ले जा चुके थे। रविवार को सुनीता देवी शकुंतला देवी आदि ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। एसआई महावीर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
नकदी-जेवरात ले गए चोर
नवाबगंज। रिछोला गांव में मोहम्मद उमर के मकान को निशाना बनाकर चोर नकदी-जेवरात समेट ले गए। मोहम्मद उमर ने बताया कि उनका मकान पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर है। शनिवार को वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। घर में दामाद आशिक, बेटी खुशनूर और महविश थीं। देर रात घर में घुसे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आवाज होने पर जागे दामाद और बेटी ने एक चोर को पकड़ भी लिया मगर वह धक्का मारकर फरार हो गया। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। संवाद



