Bareilly News: आज शाम आठ बजे से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
बरेली। सावन के सोमवार के चलते शुक्रवार रात आठ बजे से शहर में वाहनों का डायवर्जन लागू हो जाएगा। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक बरेली से रामपुर व मुरादाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होकर जा सकेंगे। बरेली से आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहा से बड़ा बाईपास, मिलक, रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, गुन्नौर, नरौरा, अलीगढ़ होकर आवागमन करेंगे। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि शहर के सभी ट्रांसपोर्टर सावन में अपना कारोबार ट्रांसपोर्ट नगर से संचालित करेंगे। लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बड़ा बाईपास होते हुए रामपुर, मिलक, शाहबाद, बिलारी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए गुजरेंगे। दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजरेंगे। नैनीताल, पीलीभीत रोड से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए जा सकेंगे। रामपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन नेशनल हाईवे से बड़ा बाईपास, फरीदपुर बाईपास होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के भारी वाहन झुमका तिराहे से आगे बड़ा बाईपास पर स्थित अंडरपास से आवागमन कर सकेंगे।
ऐसे होगा वाहनों का आवागमन
– पुराना बस अड्डा से सभी रोडवेज बसें अयूब खां चौराहा, चौकी चौराहा, बियावानी कोठी, मालियों की पुलिया, सेटेलाइट होकर जा सकेंगी।
– दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज बसें सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, इन्वर्टिस तिराहा, बड़ा बाईपास होकर गंतव्य को जा सकेंगी।
– लखनऊ की ओर जाने वाली रोडवेज बसें सेटेलाइट से नरियावल, टीपीनगर, फरीदपुर होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगी।
– बरेली से आगरा की ओर आने-जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन मिलक रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, नरौरा, अलीगढ़ होते हुए आ-जा सकेंगे।
– बरेली से बदायूं की ओर आने-जाने वाली रोडवेज बसें और हल्के वाहन लाल फाटक, रामगंगा, अखा, गैनी, अलीगंज, आंवला, कुंवरगांव से होकर गुजरेंगे।
चौपुला ओवरब्रिज : बदायूं की ओर जाने वाले समस्त वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
मिनी बाईपास : रामपुर, मुरादाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे।
झुमका तिराहा : शाहजहांपुर, लखनऊ की ओर जाने वाले हल्के-भारी वाहन बड़ा बाईपास होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
इन्वर्टिस तिराहा : लखनऊ की ओर से मुरादाबाद की ओर जाने वाले समस्त वाहन बड़ा बाईपास से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
इज्जतनगर स्टेशन तिराहा : कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा।
मंडी समिति तिराहा : सौ फुटा पश्चिमी रोड से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा।
रामगंगा तिराहा : बदायूं की ओर से आने वाले वाहन सुभाषनगर रोड से नहीं गुजरेंगे। उनको रामगंगा तिराहा से बुखारा मोड़ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।



