Bareilly News: शोहदे से परेशान छात्रा ने छोड़ दी पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Fri, 25 Aug 2023 02:13 AM IST
हाफिजगंज। कॉलेज आने-जाने के दौरान पीछा करने से परेशान थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने पढ़ाई छोड़ दी। पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी नवाबगंज क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ती है। गांव का रहने वाला एक युवक बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा है। मना करने पर वह कॉलेज आने-जाने के दौरान बेटी का पीछा करता। कई बार उसने छेड़खानी भी की। सात अगस्त को गन्ने के खेत में खींचकर उसने दुष्कर्म की कोशिश की। जैसे-तैसे बेटी उससे छूटकर घर पहुंची।
मना करने के बाद भी उसने अपनी हरकतें बंद नहीं की। डर की वजह से बेटी ने कॉलेज जाना ही छोड़ दिया। अब आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने एडिट कर बेटी के अश्लील के फोटो और वीडियो बना लिए हैं। अब वह उन्हें वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने आर्य समाज मंदिर का फर्जी विवाह प्रमाणपत्र भी बनवा लिया है।
बदनामी के डर से बेटी तनाव में आ गई है। वह घर से बाहर भी नहीं निकल रही। प्रभारी निरीक्षक चेतराम वर्मा ने बताया तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।



