बदायूं

Budaun News: सीएचसी में नवजात की मौत, हंगामा

Connect News 24

New born death in CHC, ruckus

उझानी अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात की मौत के बाद ​शिकायत करते परिजन। संवाद

उझानी (बदायूं)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर बुधवार को भर्ती हुई गांव चंदौरा की राजबाला का सामान्य प्रसव हुआ। उसके नवजात की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। राजबाला के पति अखिलेश समेत अन्य परिजनों ने स्टाफ नर्स की भूमिका पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। आरोप है कि लापरवाही के बाद भी उससे पहले दवा के लिए 200 फिर मिठाई के नाम पर 500 रुपये वसूल लिए।

अखिलेश ने प्रसव के लिए पत्नी राजबाला को आशा के माध्यम से बुधवार दोपहर सामुदायिक भर्ती कराया। शाम को उसने सामान्य के दौरान बेटे को जन्म दिया। प्रसव के समय स्टाफ नर्स ने अखिलेश से 200 रुपये की दवाएं मार्केंट से मंगवाईं। बकौल अखिलेश- प्रसव के बाद मिठाई के लिए 1500 रुपये की मांग की गई, लेकिन उसने 500 रुपये ही दिए। इसके बाद नर्स ने नवजात की ओर कोई खास ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार सुबह नवजात की मौत से गुस्साए अखिलेश व उसके परिजनों ने नर्स को आड़े हाथ लिया और हंगामा किया।

बताते हैं कि अस्पताल परिसर में हंगामा होता देख स्टाफ खिसक गई। परिजन मृत नवजात का अंतिम संस्कार करने के लिए घर ले गए। राजबाला फिलहाल अस्पताल में ही भर्ती है। राजबाला ने भी स्टाफ नर्स पर लगे आरोपों को सही ठहराया है। अखिलेश के मुताबिक प्रसव के दौरान नवजात पूरी तरह ठीक था, तो अचानक ही उसकी हालत क्यों बिगड़ती चली गई। महिला डॉक्टर भी उसे देखने के लिए अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। अगर सही समय पर नवजात का इलाज मिल जाता तो उसकी मौत नहीं होती।

पहले भी होती रही हैं वसूली की शिकायतें

सीएचसी पर जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को भर्ती किए जाने की सुविधा है। ऑपरेशन के जरिये भी प्रसव कराया जाता है। पिछले महीना ऐसे ही दो मामले सामने आए थे। महिलाओं के परिजनों की शिकायत के बाद एक नर्स ने मिठाई के नाम पर वसूले रुपये लौटाए भी थे। बताते हैं कि गर्भवती महिलाओं के परिजनों से ग्लब्स भी बाजार से मंगाए जाते हैं।

बच्चे ने मां का दूध नहीं पीया था। इसके बाद उसे परिजनों ने बाजार से दूध लाकर पिला दिया, जो संभवत: फेफड़ों में चला गया। इसके बाद नवजात को सांस लेने में दिक्कत हुई, लेकिन परिजनों ने समय रहते डॉक्टर से संपर्क नहीं किया। रुपये वसूले जाने की शिकायत की जांच कर रहे हैं। – डॉ. राजकुमार गंगवार, चिकित्साधीक्षक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button