Budaun News: पति को छोड़ प्रेमी से विवाह करने वाली युवती की संदिग्ध हालात में मौत
बदायूं। एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने आनन-फानन उसका अंतिम संस्कार कर दिया। चर्चा है कि विवाहिता ने अपने पति को छोड़कर प्रेमी से शादी कर ली थी। इससे उसके मायके और ससुरालवाले नाराज थे। गांव में उसकी हत्या होने की चर्चा है।
मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की एक विवाहिता की शादी उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव में हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक उसका उझानी क्षेत्र के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके चलते विवाहिता पति को छोड़कर अपने मायके आ गई थी। बाद में उसने अपने प्रेमी से शादी कर ली और बदायूं में रहने लगी। इससे ससुराल और मायके वाले उससे नाराज थे। दिवाली पर मायके वाले उसे बुलाकर ले गए थे।
गांव में चर्चा है कि सोमवार रात विवाहिता की हत्या कर दी गई और एक घंटे में ही गुपचुप तरीके से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने एक खेत में चिता जली देखी तो चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कई लोगों से पूछताछ की। पुलिस महिला के मायके भी गई। इंस्पेक्टर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।