Budaun News: फर्जी अभिलेखों से घटाई उम्र, अब वसूला जाएगा दो साल का वेतन
ग्राम पंचायत हरदत्तपुर निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने एक जनवरी 1999 को पाई थी नौकरी
– हकीकत में जन्मतिथि एक जून 1958 है, अभिलेखों में हेरफेर करके पांच साल उम्र कम दिखाई
– सहसवान के शहबाजपुर मोहल्ला निवासी विद्याराम ने की थी आंगनबाड़ी के खिलाफ सीएम से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। ग्राम पंचायत हरदत्तपुर में अभिलेखों में उम्र घटाकर नौकरी पाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से अब 24 माह का वेतन वसूला जाएगा। साथ ही फर्जीवाड़ा करने के मामले में पुलिस भी कार्रवाई करेगी।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरदत्तपुर निवासी रामबेटी पत्नी सूर्यप्रकाश एक जनवरी 1999 को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत हुईं थीं। हकीकत में उनकी जन्मतिथि एक जून 1958 है, लेकिन उन्होंने अभिलेखों में हेरफेर करके अपनी जन्मतिथि पांच साल घटाकर एक जून 1963 कर ली थी। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के आवेदन के साथ श्रीशंकर संस्कृत महाविद्यालय मणिकावली गुन्नौर से उत्तर मध्यमा की द्वितीय वर्ष की छाया प्रति दाखिल की गई थी।
17 जनवरी 2022 को सहसवान के शहबाजपुर मोहल्ला निवासी विद्याराम ने उनके खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। जब इसकी जांच शुरू हुई तो जांचकर्ताओं ने संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क किया। छानबीन में पता चला कि विद्यालय की प्रवेश पंजिका में रामबेटी की उम्र एक जून 1958 दर्ज है, जबकि उन्होंने आवेदन में जो छाया प्रति लगाई थी उसमें उम्र 1963 कर दी गई थी। इससे रामबेटी ने अपनी उम्र पांच साल घटा ली और दो साल ज्यादा नौकरी भी कर ली। अगर इस मामले की शिकायत नहीं होती तो रामबेटी 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त होंती। उन्होंने फर्जीवाड़ा करके 24 माह का गलत तरीके से वेतन लिया है। अब उनसे 24 महीने के वेतन की वसूली की जाएगी। इसकी बाल विकास परियोजना अधिकारी ने तैयारी कर ली है।