Budaun News: ननिहाल आए मासूम की नलकूप के हौद में डूबकर मौत

मुजरिया के पास खंदी में पड़ा ट्रैक्टर और ट्रॉली। संवाद
उझानी (बदायूं)। मां के साथ ननिहाल आए दो साल के मासूम निशांत की नलकूप के हौद में डूबने से मौत हो गई। खबर मिलने पर कासगंज निवासी मासूम के परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली से ननिहाल आने के लिए निकले। एक्सल टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खंदी में पलट गई। हादसे में महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए।
कासगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला हीरा निवासी लालता प्रसाद राजपूत की उझानी के गांव अथइया में ससुराल है। घरेलू कलह के चलते लालता प्रसाद की पत्नी धर्मवती अपने दो साल के मासूम निशांत के साथ मायके आ गई थीं। शनिवार दोपहर निशांत अपने मामा सत्येंद्र के साथ निजी नलकूप पर गया था। तभी वह पानी से भरे नलकूप के हौद में गिर गया। सत्येंद्र ने उसे तुरंत बाहर निकाल लिया, लेकिन पेट में पानी भर जाने से निशांत की मौत हो गई।
निशांत के मामा सत्येंद्र ने फोन करके बहनोई लालता प्रसाद और अन्य रिश्तेदारों को हादसे के बारे में अवगत कराया। सूचना के बाद लालता प्रसाद तो बाइक से अथइया आ गए, लेकिन उनके पिता भोले अन्य परिजनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से अथइया आने के लिए निकले। अलीगंज के पास एक्सल टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खंदी में गिर गई। इससे ट्रॉली में सवार भोले और परिवार की महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। गायलों में लज्जावती और द्रोपादेवी को हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुजरिया की प्रभारी निरीक्षक रेनू सिंह ने बताया कि घायलों की हालत में अब सुधार है।
सड़क हादसे में मृत युवक का शव आने पर मचा कोहराम
उझानी। राजस्थान के चुरू जिले में शुक्रवार रात बोलेरो और कार की भिड़ंत में मृत गंजशहीदा इलाके के चटइया निवासी वसीम अख्तर (30) का शव शनिवार देर रात घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। हादसे में दूसरी कार सवार राजस्थान के ही चार युवकों की भी मौत हो गई थी। हादसे में वसीम का भाई अशफाक और मोहल्ले का ही सोहेल घायल हुए हैं। वसीम अपने भाई और परिचित के साथ बीकानेर में कोल्ड स्टोरेज निर्माण का कार्य करता था। पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग शव को घर ले आए।

मुजरिया के पास खंदी में पड़ा ट्रैक्टर और ट्रॉली। संवाद

मुजरिया के पास खंदी में पड़ा ट्रैक्टर और ट्रॉली। संवाद