Pilibhit News: आशंका पर चेते जिम्मेदार, 27 को बंद रहेगा धनाराघाट पर नाव का संचालन
पीलीभीत। 27 नवंबर को गंगा स्नान के पर्व पर शारदा नदी के धनाराघाट पुल पर हजारों की संख्या में भीड़ रहेगी। ऐसे में पैंटून पुल न होने के कारण नावों के संचालन से हादसे की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। इसको लेकर अमर उजाला में शनिवार को प्रकाशित खबर के बाद जिम्मेदार चेत गए। हादसे की आशंका को देखते हुए गंगा स्नान पर एक दिन के लिए नाव का संचालन बंद करा दिया गया है।
हर साल शारदा नदी पर पानी कम होने के बाद 15 अक्तूबर से पैंटून पुल से आवाजाही शुरू हो जाती है। पुल होने से गंगा स्नान पर भी लोगों को काफी सुविधा मिल जाती है। इस बार पुल तय समय बीत जाने के बाद भी नहीं बन सका है। ऐसे में अभी तक नाव का संचालन किया जा रहा है। 27 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर घाट पर हजारों की भीड़ जुटने से असुविधा के साथ ही नाव से सफर करना भी किसी हादसे से कम नहीं होगा। जिम्मेदारों ने अब सुरक्षा के लिहाज से 27 नवंबर को नाव का संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
हो गया टेंडर, अगले सप्ताह शुरु हो सकता पैंटून पुल बनाने का काम
शारदा नदी पर पैंटून पुल बनाने के लिए चल रही टेंडर प्रक्रिया रविवार को पूरी हो गई है। वित्तीय कवायद को मंगलवार को पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल बनाने का काम शुरू किया जाएगा। अवर अभियंता अनूप कुमार ने बताया पुल बनाने के लिए शासन से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया को किया गया।