बदायूं

Budaun News: किसानों को आश्वासन, जल्द होगा गन्ने का बकाया भुगतान

Connect News 24

Assurance to farmers, sugarcane dues will be paid soon

कछला में धरनास्थल पर बैठे किसान यूनियन के कार्यकर्ता। संवाद

भाकियू का धरना खत्म, तहसीलदार में भी वार्ता की

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी। गन्ना बकाया भुगतान से लेकर छुट्टा पशुओं की वजह से दिक्कत को लेकर कछला में चल रहा भारतीय किसान यूनियन का धरना बुधवार को अफसरों से आश्वासन मिलने के बाद समाप्त हो गया। न्योली शुगर मिल के केन मैनेजर केपी मलिक ने जल्द ही बकाया भुगतान करा देने का भरोसा दिया तो तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह ने किसानों की मांगों पर गौर करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कछला में ननाखेड़ा रोड किनारे मंगलवार को धरनास्थल पर अफसर बुधवार अपराह्न तीन बजे पहुंचे। न्योली शुगर मिल के केन मैनेजर केपी मलिक को यूनियन के जिलाध्यक्ष रामाशंकर शर्मा और जिला उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह तोमर ने गन्ना उत्पादकों की दिक्कतों से अवगत कराया।

कहा- गन्ना खराब बताकर मिल प्रबंधन कटौती कर रहा है। बकाया भुगतान भी किसानों के खातों में नहीं भेजा जा रहा है। इस पर मलिक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि 31 दिसंबर तक बकाया भुगतान करा दिया जाएगा। मिट्टी और खराब जड़ के नाम पर कटौती भी नहीं होगी।

इसके अलावा तहसीलदार सदर सुरेंद्र सिंह ने भी किसानों से वार्ता की। वार्ता के बाद उन्होंने छुट्टा पशुओं को लेकर जल्द ही अभियान शुरू करा देने का दावा किया। बोले-पेंशन और किसान सम्मान निधि में भी पात्रों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।

जिला उपाध्यक्ष तोमर ने बताया कि अफसरों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है। बता दें कि मंगलवार शाम को यूनियन के नेताओं ने गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को शुगर मिल की ओर जाने से पहले ही रास्ते में रोक लिया था। अफसरों से वार्ता के दौरान मंडल उपाध्यक्ष सौदान सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह, अजयपाल सिंह, सुखपाल, सुधीश कुमार, राजन, धर्मेंद्र सिंह और राजेश कुमार सिंह आदि भी मौजूद थे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button