Budaun News: राशनकार्ड धारक बुजुर्गों के भी बनेंगे आयुष्मान कार्ड
बरेली। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब 60 वर्ष से ऊपर के राशनकार्ड धारकों के भी आयुष्मान कार्ड बनेंगे। सभी जिलों में वृद्ध चिह्नित किए जा रहे हैैं। बरेली में 25 हजार वृद्धों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रशासनिक अधिकारी राकेश के मुताबिक योजना के तहत सिर्फ उन्हीं पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारक बुजुर्गों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, जिनके कार्ड में सभी सदस्यों की उम्र 60 वर्ष से अधिक होगी। आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र बुजुर्गों को भागदौड़ की जरूरत नहीं है। मोबाइल फोन पर आयुष्मान एप डाउनलोड कर घर बैठे ही कार्ड बनवाए जा सकते हैं।
जिला समन्वयक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि अगर मोबाइल फोन से दिक्कत आ रही तो नजदीकी जनसेवा केंद्र या आयुष्मान मित्र से संपर्क कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए शासन से जारी सूची में राशन कार्ड नंबर का दर्ज होना जरूरी है।