Budaun News: बदायूं डिपो की 15 खटारा बसों के दिल्ली प्रवेश पर रोक

रोडवेज बस के अंदर की हालत। संवाद
दिल्ली रूट पर चलती हैं बदायूं डिपो की 55 रोडवेज बसें, कौशांबी तक पहुंचाए जा रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बदायूं डिपो की 15 खटारा बसों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अब यह बसें कौशांबी तक ही यात्री लेकर जा रहीं हैं।
बदायूं-दिल्ली रूट पर करीब 55 रोडवेज बसें संचालित हैं, जो बदायूं से रोजाना सवारियां लेकर निकलती हैं लेकिन सभी बसें दिल्ली के आनंद विहार बस स्टेशन तक नहीं पहुंचतीं। परिवहन निगम के कर्मचारियों के अनुसार इनमें केवल 40 बसें हीं दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड पहुंच रहीं हैं जबकि 15 बसों पर दिल्ली में जाने पर रोक लगा दी गई है।
यहां बता दें कि दिल्ली में 10 लाख किलोमीटर से ज्यादा चली हुई बसों का प्रवेश प्रतिबंधित है। जिले की जिन बसों पर रोक लगी है वह 12 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं। फिर भी इनका सड़कों पर दौड़ना बंद नहीं हो रहा है।
निगम के पास कुल 106 सरकारी बसें हैं। इनमें करीब 35-40 बसें 12 लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं और इन्हें चलते हुए 12 साल से ज्यादा समय हो गया है लेकिन अब तक यह बसें बदली नहीं गई हैं। इन्हें अलग-अलग रूटों पर संचालित किया जा रहा है।
–
ज्यादा डीजल की खपत कर रहीं दिल्ली रूट की रोडवेज बसें
पिछले दिनों परिवहन निगम के चालकों ने वर्कशॉप में प्रदर्शन किया था। उनका कहना था कि उनकी बसें ज्यादा डीजल खपत कर रहीं हैं। बसें जितना डीजल खपत कर रहीं हैं, उतने ही डीजल का पैसा उनके वेतन से काट लिया जा रहा है। काफी हंगामा करने के बाद उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया था।
–
निगम के पास बसों की कमी है। जिन बसों का समय पूरा हो गया है, उन्हें आनंद विहार जाने से रोका गया है। हालांकि नई बसें आने वाली हैं, इसके बाद खटारा बसों को हटा दिया जाएगा।
– धणेंद्र कुमार चौबे, एआरएम परिवहन निगम

रोडवेज बस के अंदर की हालत। संवाद