Budaun News: हाईवे किनारे झाड़ियों में छिपी मिली बाइक

झाड़ियों से निकाली गई बाइक को देखता पुलिस कर्मी
बाइक चोरी की होने या लूट में प्रयोग होने का शक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलहरी (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे झाड़ियों में शनिवार शाम एक बाइक छिपी मिली। इससे पुलिस विभाग में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची खेड़ा नवादा पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। बाइक इस्लामनगर के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। बाइक चोरी हुई थी या उसे लूट में प्रयोग किया गया था। पुलिस छानबीन कर रही है।
शनिवार शाम दहेमी गांव के कुछ किसान मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे कमला होरी स्कूल के सामने अपने खेतों पर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने झाड़ियाें में एक बाइक छिपी देखी। बाइक देखकर ग्रामीणों ने तुरंत सिविल लाइंस थाने की खेड़ा नवादा चौकी पुलिस को सूचना दी। जिससे हेड कांस्टेबल मनोज गंगवार और होमगार्ड महाराम गिरि मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने गांव से ट्रैक्टर मंगाकर रस्सी से बांधकर बाइक को झाड़ियों से बाहर निकलवाया। जब बाइक की छानबीन की गई तो उसमें इस्लामनगर निवासी शरद कृष्णा पुत्र कृष्णानंद के नाम की आरसी निकली। अनुमान लगाया जा रहा है कि बाइक कई दिन से यही पड़ी थी। लोग मान रहे हैं कि यह बाइक या तो लूटपाट में प्रयोग की गई थी या फिर उसे चोरी करके यहां लाया गया और झाड़ियों में छिपा दिया गया। फिलहाल पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। उसकी छानबीन की जा रही है।