Budaun News: बैलगाड़ी से टकराकर बाइक सवार की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 30 Oct 2023 12:28 AM IST

मृतक विजेंद्र का फाइल फोटो।
दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र में अफजलपुर बुधैती के नजदीक बैलगाड़ी से टकराकर एक बाइक सवार की मौत हो गई। वह संभल जिले के जुनावई इलाके से मिर्जापुर गांव जा रहा था तभी अचानक खेत से निकलकर सड़क पर बैलगाड़ी आ गई, जिससे बाइक टकरा गई।
बाइक सवार की पहचान संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव खिरिया निवासी बिजेंद्र (50) के रूप में हुई है। वह नाधा रोड से होते हुए मिर्जापुर गांव जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक बिजेंद्र उस दौरान हेलमेट भी नहीं लगाए थे। बाइक की रफ्तार भी काफी तेज बताई जा रही है। जैसे ही उनकी बाइक जरीफनगर थाना क्षेत्र में अफजलपुर बुधैती के नजदीक पहुंची कि तभी अचानक खेत से निकलकर एक बैलगाड़ी सड़क पर आ गई। बिजेंद्र बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाए और उनकी बाइक बैलगाड़ी से टकरा गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर इंस्पेक्टर राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाइक नंबर के आधार पर उनकी पहचान कराई। बाद में उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने उनके परिवार वालों को सूचना दे दी है।