Budaun News: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, बेटा समेत दो घायल

मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर घायल पड़ा योगेश और टिंकू। संवाद
आसफपुर (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर फैजगंज बेहटा इलाके में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान चंद्रपाल की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा योगेश और गांव का ही टिंकू घायल हो गया। चंद्रपाल बेटे योगेश और टिंकू के साथ चंदौसी से अपनी बेटी की ससुराल से लौट रहे थे।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव बरबारा निवासी चंद्रपाल की बेटी चंदौसी में ब्याही है। बुधवार को चंद्रपाल (55) अपने बेटे योगेश (25) और गांव के ही टिंकू (18) के साथ बाइक से बेटी से मिलने उसकी ससुराल गए थे। परिवार वालों के मुताबिक बुधवार देर रात तीनों लोग चंदौसी से बरबारा लौट रहे थे। बाइक योगेश चला रहा था।
तीनों में से कोई हेलमेट नहीं लगाए था। बाइक रामवती इंटर कॉलेज के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि योगेश और टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
राहगीरों की सूचना पर थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चंद्रपाल के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी देर रात अस्पताल पहुंच गए। बृहस्पतिवार दोपहर चंद्रपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे के बाद से उनके घर में कोहराम मचा हुआ है।