Budaun News: टेंपो की टक्कर से बाइकसवार कांवड़िये की मौत, दो घायल
बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार देर रात दहेमू के पास हुआ हादसा
बरेली में बिसारतगंज क्षेत्र का निवासी था मृतक जोगराज
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कछला गंगाघाट पर जल भरने के लिए निकले बाइक सवार तीन कांवड़ियों को सामने से टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। हादसे के बाच चालक टेंपो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने टैंपो कब्जे में ले लिया है।
हादसा वितरोई मोड़ और बुटला के बीच बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार देर रात हुआ। जोगराज (19) पुत्र रामबिलास निवासी गांव चंजरी बालकिशन, थाना बिसारतगंज, जिला बरेली घर से अपने दोस्तों सूरज और संदीप के साथ बाइक पर गंगाजल लेने निकला। उनके साथ 15 सदस्यीय कांवड़ियों की टोली थी। टोली बुटला से आगे बढ़ी तो सामने से आ रहे टेंपो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जोगराज की मौके पर ही मौत हो गई। लहूलुहान संदीप और सूरज के साथ पुलिस जोगराज को भी एंबुलेंस के जरिये लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंची। डॉक्टर ने जोगराज को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद रात में जोगराज समेत घायल कांवड़ियों के परिजन मेडिकल कॉलेज आ गए। संदीप और सूरज की हालत गंभीर बताते हुए परिजन रेफर कराके दोनों को बरेली ले गए। पुलिस ने तड़के जोगराज का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई सत्यपाल ने बताया कि टेंपो की स्पीड अधिक थी। पुलिस ने टेंपो कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटा ली गई है।
बाइक सवार छह कांवड़ियों के पैर टूटे, 12 लहूलुहान
– कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार रात कछला और उझानी के बीच एक दर्जन से अधिक स्थानों पर बाइकें फिसलने और एक-दूसरे से टकराने में 18 कांवड़िये घायल हो गए। घायलों में बरेली के बिसारतगंज निवासी विद्याराम, सुरेश, आशु, सज्जन सिंह, कछला निवासी दुर्गपाल, बरेली में बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव नदेली निवासी यशपाल, आंवला के गांव नूरपुर निवासी किशनवीर, बदायूं निवासी रजत, सुमित, अर्जुन, उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा के राहुल, उझानी के गांव धर्मपुर निवासी पुष्पेंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया। फार्मेसिस्ट नथन सिंह ने बताया कि इनमें छह कांवड़ियों के पैर टूट गए हैं। इसके अलावा मामूली रूप से घायल कांवड़ियों का परिजनों ने निजी क्लीनिकों पर इलाज कराया। पुलिस ने तीन-चार घायल कांवड़ियों को सीधे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
… जब चिकित्साधिकारी की हालत बिगड़ी
– सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर घायल कांवड़ियों के इलाज के दौरान बार-बार बिजली सप्लाई ठप हुई। गर्मी अधिक होने की वजह से स्वास्थ्य कर्मियों को भी घायलों की मरहम पट्टी करते समय परेशानी हुई। घायलों के उपचार के दौरान ही चिकित्साधिकारी डॉ. हरीश कुमार को उल्टियां होने लग गईं। उन्होंने जरूरी दवाएं लेकर फिर से घायलों का उपचार शुरू कर दिया।



