Budaun News: ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने मनाया तीज महोत्सव

ब्राह्मण महिला जागृति मंच के तत्वाधान में महिलाओं ने मनाया तीज महोत्सव।स्रोत-संगठन
बदायूं। ब्राह्मण महिला जागृति मंच के तत्वावधान में शुक्रवार को कृष्ण लॉन में हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने तीज के गीत गाए और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इस मौके पर मंच की वरिष्ठ सदस्य सुनीति उपाध्याय ने कहा कि ब्राह्मण हमेशा से ही संपूर्ण मानव समाज को दिशा देने का कार्य कर रहा है। मानव कल्याण ब्राह्मण समाज की सोच का अभिन्न हिस्सा रहा है। ऐसे में समाज की महिलाओं को भी मानव कल्याण के लिए सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए। मंच के माध्यम से इसे साकार करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
वरिष्ठ सदस्य व भाजपा महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष सलोनी पाठक ने सभी से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज के कल्याण के लिए हम सब का संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान महिलाओं ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए और सामूहिक हरियाली तीज के गीत गाए। माला पाराशर, रिचा अशेष, श्रुति शंखधार, पारुल वशिष्ठ, तनु श्रोत्रिय, नीलू शर्मा आदि महिलाएं उपस्थित रहीं। संवाद