Budaun News: बॉक्सिंग में मुरादाबाद, भारोत्तलन में बदायूं की महिला टीम अव्वल

पुलिस लाइन में बदायूं की महिला टीम को शील्ड देकर सम्मानित करते एसएसपी डॉ. ओपी सिंह।
बदायूं। पुलिस लाइन ग्राउंड में चल रही 26वीं अंतरजनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। इसमें मुरादाबाद की टीम बॉक्सिंग में प्रथम स्थान पर रही। वहीं, भारोत्तलन में बदायूं की महिला टीम ने कब्जा जमा लिया। महिला बॉक्सिंग में बरेली की टीम बाजी मार ले गई। शाम को पुलिस अधिकारियों ने सभी टीमों को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया।
सोमवार सुबह खेल की शुरुआत बॉक्सिंग प्रतियोगिता से हुई। पुरुष वर्ग में मुरादाबाद की टीम ने 25 अंक प्राप्त करते प्रथम हासिल किया, जबकि 20 अंक प्राप्त करके बदायूं टीम दूसरे नंबर पर रही। बॉक्सिंग का दूसरा मैच बदायूं की महिला टीम और बरेली के बीच हुआ। इसमें बरेली की टीम 22 अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान पर रही। वहीं, बदायूं टीम ने 21 अंक प्राप्त करके दूसरा स्थान प्राप्त किया। महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता में बदायूं टीम अब्बल रही। बदायूं टीम ने 145 अंक प्राप्त किए, जबकि बरेली टीम 107 अंक पाकर दूसरे स्थान पर रह गई।
महिला कबड्डी प्रतियोगिता में शाहजहांपुर ने बदायूं को पराजित करते हुए चल बैजंती पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिताओं में अंतिम कबड्डी मैच बिजनौर और पीलीभीत टीम के बीच खेला जाना था, लेकिन बारिश की वजह से यह मैच रद्द करना पड़ा। इस पर निर्णायक कमेटी ने यह निर्णय लिया कि बिजनौर और पीलीभीत दोनों टीम संयुक्त रूप से विजेता रहीं।
सुबह से लेकर शाम तक प्रतियोगिताओं का दौर चलता रहा। शाम को इस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हुआ। मुख्य अतिथि एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने पुलिस लाइन पहुंचकर प्रतियोगिताओं का समापन कराया। उन्होंने एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी देहात अजय प्रताप सिंह, सीओ लाइन शक्ति सिंह, सीओ सिटी आलोक मिश्र के साथ सभी जिलों से आई टीम और टीम मैनेजर्स को सम्मानित किया।
सभी खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल देकर उत्साहवर्धन किया। निर्णायक मंडल में क्रीडा अधिकारी अमित रिछारिया, राम प्रसाद, रामऔतार, दीपेश, एसआई उत्तम कुमार, एसआई मधु कश्यप, ज्योति सक्सेना की विशेष भूमिका रही। एसआई इंद्रपाल सिंह, अजय कुमार और आरआई सुमेर सिंह का विशेष सहयोग रहा।

पुलिस लाइन में बदायूं की महिला टीम को शील्ड देकर सम्मानित करते एसएसपी डॉ. ओपी सिंह।