Budaun News: किसान के हमलावरों पर लगाई हत्या की धारा
बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर मेवड़ी में हुई किसान की हत्या के बाद पुलिस ने सोमवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। हमले के बाद पुलिस ने केवल मारपीट और गालीगलौज के आरोप में दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली थी। किसान की मौत उसके बाद हुई थी। अब पुलिस ने आरोपियों पर हत्या की धारा और बढ़ा दी है।
रविवार शाम ग्राम इस्माइलपुर मेवड़ी में 58 वर्षीय किसान लालाराम की फावड़े के प्रहार से हत्या कर दी गई थी। किसान के भाई विजय सिंह का कहना था कि वह शाम के समय अपने भाई लालाराम, भाई राजेश, उसकी पत्नी सुहागा देवी और अपनी पत्नी किताबश्री के साथ बाजरा की फसल काट रहा था। तभी आरोपी ऋषिपाल, दुर्वेश, अहलकार और मुनीश ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचे।
उसी खेत का न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। इसके बावजूद आरोपियों ने उस पर कब्जा करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडे और फावड़ा से उनपर हमला कर दिया, जिसमें उसके दोनों भाई और महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। सभी को जिला अस्पताल भेज दिया गया था। साथ ही उन्होंने थाने जाकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी थी। बाद में लालाराम की मौत हो गई। सोमवार को थाना पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के बाद ही पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली थी। हालांकि किसान की मृत्यु बाद में हुई। इससे अब दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। बताया कि किसान के भाई ने केवल चार लोगों को नामजद कराया है। इसमें आरोपियों की संख्या ज्यादा हो सकती है। विवेचना में उनके नाम बढ़ाये जा सकते हैं।
सिर में चोट लगने से हुई किसान की मौत
– इस्माइलपुर मेवड़ी निवासी किसान लालाराम की मौत सिर में चोट लगने से हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सिर में ही फावड़ा मारा था, जिससे किसान बेहोश हो गया था। जिला अस्पताल लाते वक्त उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसकी मौत सिर में चोट लगने से बताई गई है।