Budaun News: साइकिल सवार को कुचलते हुए ट्रांसफाॅर्मर से भिड़ी बस

हादसे के बाद ट्रांसफार्मर में घुसी में रोडवेज बस।
वजीरगंज में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर हुआ हादसा, कार को भी चपेट में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर वजीरगंज कस्बे में आरबी इंटर कॉलेज के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर साइकिल सवार राजीव (35) की मौत हो गई। इस दौरान बस ने वहां खड़ी एक कार को भी चपेट में ले लिया और ट्रांसफाॅर्मर से टकरा गई। घटना के बाद चालक-परिचालक भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला गोपालपुर निवासी राजीव पुत्र लीलाधर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे आरबी इंटर कॉलेज के नजदीक पान-पुड़िया का खोखा चलाता था। वह दोपहर में साइकिल से खाना खाने घर जाने के लिए निकला। वह हाईवे किनारे पहुंचा ही था कि तभी चंदौसी-मुरादाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आई बदायूं डिपो की रोडवेज बस की चपेट में आ गया।
बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क किनारे रखी ईंटों की चट्टी को तोड़ते हुए एक कार से टकराकर ट्रांसफॉर्मर से जा भिड़ी। जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान बस में करीब 40-50 यात्री सवार थे। जो बस से जैसे-तैसे बाहर आए। कुछ लोगों की आसपास के लोगों ने भी मदद की। जबकि चालक और परिचालक उससे कूदकर भाग गए।
सूचना मिलने पर कुछ देर बाद वजीरगंज थाना पुलिस और युवक के परिवार वाले भी रोते-बिलखते हुए पहुंच गए। बाद में पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
–
कछला में डंपर और रोडवेज बस में टक्कर, दोनों क्षतिग्रस्त
कछला। उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक डंपर और रोडवेज बस आपस में टकरा गए। हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। हादसा कस्बे के नजदीक अलीपुर मढ़ैया गांव के नजदीक हुआ। रोडवेज बस बदायूं की ओर से कासगंज जा रही थी जबकि डंपर कासगंज से बदायूं आ रहा था। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। संवाद

हादसे के बाद ट्रांसफार्मर में घुसी में रोडवेज बस।