UP News: बरेली-मथुरा हाईवे पर तोड़ी जाएंगी कई दुकानें और भवन, नौ से अधिक धर्मस्थल भी चिन्हित

राजकीय मेडिकल कॉलेज के सामने चिह्नित की गईं दुकानें।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। अभी हाईवे किनारे दुकानों और मकानों का सर्वे कराया जा रहा है। हाईवे की जद में कितने मकान और दुकानें आ रही हैं, अभी उनकी संख्या निकलकर सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि जो मकान या दुकान चिह्नित किए जा रहे हैं, उनके आकार-प्रकार के अनुसार मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद उनके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे शहर के बाईपास से होकर निकल रहा है। यह पूरा नेशनल हाईवे चार भागों में विभाजित किया गया है। पहला भाग मथुरा से हाथरस तक है, दूसरा भाग हाथरस से कासगंज और तीसरे भाग में कासगंज से लेकर बदायूं के चंदन नगर खरैर तक का हिस्सा लिया गया है, जबकि यहां से बरेली तक चौथे हिस्से में निर्माण कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Honey Trap: युवती की अश्लील हरकतों से सदमे में गई डॉक्टर की जान, अब पुलिस के हत्थे चढ़ी गैंग की सदस्य
इस हिसाब से होगी हाईवे की चौड़ाई
हाईवे पर काम कर रहे एनएचएआई के एक इंजीनियर के मुताबिक इसकी चौड़ाई भी अलग-अलग हिसाब से रहेगी। जहां पर सामान्य हाईवे बनाया जाएगा, वहां इसकी चौड़ाई 45 मीटर रहेगी लेकिन जहां पुल या अंडरपास बनाया जा रहे हैं, वहां हाईवे की चौड़ाई 52 मीटर कर दी गई है।