Budaun News: राजीव गांधी के जन्मदिन पर भोले का जलाभिषेक करेंगे कांग्रेसी
बदायूं। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कांवड़ सहभागिता समिति की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के 121 सदस्यों द्वारा कछला से गंगाजल लाकर पदयात्रा करते हुए शंकर भगवान का जलाभिषेक किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि 20 अगस्त को प्रातः छह बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय से अपने वाहनों से कछला गंगा घाट पहुंचेंगे और वहां पर गंगास्नान करके भगवान शंकर के अभिषेक के लिए जल लेकर प्रातः नौ बजे प्रस्थान करेंगे। निर्णय किया गया कि सावन में प्रत्येक रविवार व सोमवार को कांवड़ यात्रा करने वाले लोगों की सहायता के लिए निश्चित स्थानों पर सहायता कैंप लगाएं जाएं। बैठक में सुरेश सिंह राठौर, वीरेश पाल सिंह, आतिफ खान, सोमेंद्र सिंह यादव, रामरतन पटेल, मुनेंद्र कनौजिया, कृष्णवीर मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद