Budaun News: सितंबर में चलेगा सहकारिता का विशेष सदस्यता अभियान

भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में बोलते डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना।स्रोत-भाजपा कार्यालय
बदायूं। भाजपा कार्यालय पर सहकारिता के विशेष सदस्यता अभियान के निमित्त जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि अध्यक्ष कोऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड (पीसीयू) सुरेश गंगवार व अध्यक्षता डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना ने की।
कोऑपरेटिव यूनियन अध्यक्ष सुरेश गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वांगीण विकास में सहकारिता के महत्व को समझते हुए छह जुलाई 2021 को देश में सहकारिता मंत्रालय का गठन किया। आज सहकारिता के क्षेत्र में देश में उप्र अग्रणी भूमिका में है। उन्होंने कहा एक से 30 सितंबर तक सहकारिता का ऑनलाइन या ऑफलाइन विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
डीसीबी के अध्यक्ष 500 सदस्य व संचालक 100-100 सदस्य बनाएंगे। डीएसडीएफ के अध्यक्ष 100 व संचालक 25-25 सदस्य बनाएंगे। केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष 100, संचालक 25-25 सदस्य बनाएंगे। डीसीबी चेयरमैन जेके सक्सेना ने कहा ग़रीब कल्याण और अंत्योदय की कल्पना सहकारिता से साकार होगी। सहकारिता बंधुओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अब उपेक्षा का समय समाप्त हो गया है।
देश के करोड़ों किसानों, वंचितों, पिछड़ों, दलितों, ग़रीबों, उपेक्षितों, महिलाओं के विकास का मार्ग केवल सहकारिता के माध्यम से ही प्रशस्त हो सकता है। जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ किशन चंद्र शर्मा ने कहा मिलजुलकर, एक लक्ष्य के साथ, बंधुत्व भाव से एक दिशा में काम करना ही सहकारिता है। बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने किया।