Budaun News: उसावां रोड का निर्माण तो करा नहीं पाया, अब गड्ढे भरवाएगा लोनिवि

बदायूं उसावां रोड पर हुआ गहरा गड्ढा। संवाद
बदायूं। लोक निर्माण विभाग बदायूं-उसावां रोड का निर्माण तो नहीं करा पाया लेकिन अब सड़क के गड्ढे भरवाने की तैयारी में है। शासन को गड्ढे भरवाने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए अब तक चार बार एस्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। मार्च में सौ करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो गए थे लेकिन धनराशि आवंटित न होने से सड़क का निर्माण नहीं हो पाया।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे का बदायूं और उसावां के बीच हाल बेहद खराब है। हर दस कदम पर सड़क में गहरे गड्ढे हैं। कहीं-कहीं तो सड़क ही नहीं बची है। हालत यह हैं कि कोई भी वाहन 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी नहीं दौड़ पाता है। बारिश के दौरान तो ऐसी स्थिति हो गई थी कि दोपहिया वाहन सवारों के लिए सड़क मुसीबत बन गई थी।
इस सड़क के निर्माण को पिछले चार साल से लगातार शासन को एस्टीमेट बनाकर भेजे जा रहे हैं। 31 मार्च 2023 को शासन से इसके निर्माण को मंजूरी भी मिल गई थी। इसके लिए सौ करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो गए थे लेकिन उस दिन ज्यादा समय होने से ग्रिड आवंटित नहीं हो पाई, इससे स्वीकृत रुपया वापस चला गया और फिर इसका निर्माण अटक गया। पिछले दिनों इस रोड पर लगातार कई हादसे हुए। चार स्कूली बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के बाद अब सड़क के गड्ढे भरवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है।
बदायूं-दातागंज रोड पर बढ़ा वाहनों का दबाव
उसावां-बदायूं रोड खराब होने की वजह से तमाम वाहन दातागंज रोड से होकर निकल रहे हैं। उसावां, म्याऊं, हजरतपुर जाने वाले वाहन भी दातागंज रोड से होकर डहरपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। हालांकि बदायूं-दातागंज रोड से सफर लंबा हो जाता है लेकिन गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक लंबा सफर तय करने के लिए मजबूर हैं।
डीएम की ओर से प्रमुख सचिव को लिखा गया पत्र
– उसावां-बदायूं रोड के संबंध में डीएम मनोज कुमार की ओर से प्रमुख सचिव को एक पत्र भेजा गया है। उसमें बताया गया है कि यह रोड काफी खराब है। इस पर लगातार हादसे हो रहे हैं। वाहन पलट रहे हैं। इससे रोड का निर्माण कराया जाए। कुछ नहीं तो इसके गड्ढे ही भरवा दिए जाएं।
वर्जन
इस रोड के निर्माण के लिए करीब सौ करोड़ रुपये मंजूर हुए थे लेकिन ग्रिड आंवटन न होने से धनराशि नहीं मिल पाई। अब सड़क पर ज्यादा हादसे हो रहे हैं। लिहाजा गड्ढे भरवाने के लिए ही एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है। धनराशि मिलने के बाद गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा। – मनीष कुमार, एक्सईएन प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग

बदायूं उसावां रोड पर हुआ गहरा गड्ढा। संवाद

बदायूं उसावां रोड पर हुआ गहरा गड्ढा। संवाद

बदायूं उसावां रोड पर हुआ गहरा गड्ढा। संवाद