Budaun News: सिसैया नगला के पास फंदे से लटका मिला व्यक्ति का शव

कादरचौक के सिसैया नगला के नजदीक मामले की जांच करती पुलिस। संवाद
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र में सिसैया नगला गांव के नजदीक शुक्रवार सुबह विश्राम सिंह (50) का शव फंदे से लटका मिला। विश्राम सिंह बुधवार को अपनी ससुराल कैथुलिया गांव आए थे। रात में वह किसी समय ससुराल से निकल गए और तीन किलो मीटर दूर आकर आत्महत्या कर ली।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव गूदरागंज निवासी विश्राम सिंह की ससुराल कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव कैथुलिया में है। परिवार वालों के मुताबिक उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। उन्हें दौरे पड़ते थे। ससुराल के कुछ लोगों ने उनका पास में में ही देसी इलाज बताया था। इससे विश्राम सिंह और उनकी पत्नी वीरावती बुधवार को कैथुलिया गांव आए थे। तभी से दोनों कैथुलिया में ही ठहरे हुए थे।
उनके दो बच्चे हैं। वह अपने घर पर थे। रात में विश्राम सिंह अपनी चारपाई से उठकर चले गए। सुबह ससुराल वालों ने उनकी तलाश की। वह काफी दूर तक तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला था। इधर, सिसैया नगला गांव के नजदीक कुछ लोगों ने नीम के पेड़ पर शव को फंदे से लटका देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इससे एसओ वेदपाल सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। सूचना पर विश्राम के परिवार और ससुराल वाले भी आ गए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवार वालों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।



