Budaun News: कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम तालिब नगर में शनिवार को 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारने के बाद पोस्टमार्टम को भेजा।
ग्राम तालिबनगर निवासी टिंकू उर्फ हरिश्चन्द्र खेती करते हैं। शनिवार दोपहर उसकी पत्नी शिवानी का शव शनिवार को घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। परिवार वालों ने जब कमरा खोला तो शव लटका हुआ था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने पूछताछ के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के पिता जारई गेट चंदौसी निवासी राजाराम पुत्र शंकरलाल हाल निवासी दिल्ली को दी। पुलिस के अनुसार मृतका शिवानी की शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। उसके एक बच्चा भी है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार मृतका ने पारिवारिक कलह से तंग आकर आत्महत्या की है। मायके वालों के आने के बाद उनकी तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद