Budaun News: लापता युवक का खेत में मिला शव, गला घोंटकर हत्या का आरोप

मृतक आयुष माहेश्वरी का फाइल फोटो। संवाद
बिल्सी। मंगलवार शाम अचानक दुकान से लापता हुए 23 वर्षीय आयुष माहेश्वरी का शव करीब तीन घंटे बाद बिल्सी-बदायूं रोड किनारे स्थित ईंट भट्ठे के नजदीक खेत में पड़ा मिला। आयुष कस्बे में बस स्टैंड पर चाय-पकौड़ी की दुकान चलाता था। परिवार वालों ने उसकी गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
कस्बे के मोहल्ला संख्या पांच निवासी आयुष माहेश्वरी (23) की नगर के बस स्टैंड पर चाय-पकौड़ी की दुकान है। परिजनों के मुताबिक, आयुष मंगलवार शाम करीब पांच बजे दुकान से अचानक गायब हो गया। काफी देर तक जब वह दुकान पर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
रात करीब आठ बजे पता चला कि उसका शव बदायूं-बिल्सी रोड पर ईंट भट्ठे के नजदीक खेत में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शरीर कुछ गरम। इस पर वे उसके जिंदा होने की उम्मीद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आयुष की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि गले पर काला निशान मिला है। इससे गला दबाकर हत्या करने का संदेह है। हालांकि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।