चुनाव जाति-धर्म पर नहीं, बुनियादी मुद्दों पर होने चाहिए : वरुण गांधी

पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद वरूण गांधी । स्रोत – प
सांसद ने कई गांवों में लोगों से किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। सांसद वरुण गांधी ने आज यहां कहा कि चुनाव जाति-धर्म पर नहीं, बुनियादी मुद्दों पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी किसी के सामने झुकने का आदी नहीं है। मगर आज उसे झुकने को मजबूर किया जा रहा है। आम आदमी अस्पतालों, थानों और किसी सरकारी दफ्तर में जाता है तो उसे झुककर बात करनी पड़ती है।
सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को पूरनपुर क्षेत्र के कई गांवों में लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वे समझौते की की नही बल्कि सिद्धांतों की राजनीति करते हैं। उन मुद्दों की बात करते हैं जो देश को मजबूत बनाने के लिए हों। कहा कि उनकी राजनीति दो बिन्दुओं पर केंद्रित है। एक ईमानदारी, दूसरी साहस पर।
उन्होंने कहा कि लोगों को आटा, दाल, चने की नहीं, रोजगार की जरूरत है। अमीर और गरीब के बीच बन चुकी खाई पाटने का नहीं बढ़ाने का काम किया जा रहा है। सांसद ने गजरौला कलां में अंत्योष्टि स्थल और तुलसीपुर-कीरतपुर मार्ग मुझाकलां का शिलान्यास भी किया। कमलकांत दीपक पांडेय, राजू आचार्य, डीपी यादव, डीपी वर्मा, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।