Budaun News: हत्यारोपी बोला- सरेआम हुई बेइज्जती बर्दाश्त नहीं कर पाया, इसलिए पीटा
उसहैत। नल पर पानी भरने के विवाद में लाठी से पीटकर युवक की हत्या करने के आरोपी ई-रिक्शा चालक सूरज राठौर को थाना पुलिस ने जेल भेज दिया है। इससे पहले की गई पूछताछ में सूरज ने पुलिस को बताया कि विवाद होने पर कमलेश और उसके परिजनों ने पिटाई करके उसकी सरेआम बेइज्जती की थी। इसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाया।
थाना क्षेत्र के गांव सथरा में सोमवार रात 35 वर्षीय कमलेश की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई थी। शाम के समय कमलेश की बेटी आसकी घर के बाहर सरकारी नल पर पानी भर रही थी। उसी दौरान आरोपी सूरज राठौर बाल्टी लेकर पहुंच गया। उसने आसकी की बाल्टी हटा दी और अपनी बाल्टी भरने लगा। विरोध करने पर उसने आसिकी के साथ गालीगलौज कर दी।
बताया जाता है कि शोर-शराबा सुनकर आसकी के परिजन आ गए। सूरज के परिवार वाले भी लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों में गालीगलौज होने लगी तभी गांव के कुछ लोगों ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। इसके बाद कमलेश खेत पर चले गए। वहां से लौटते वक्त सूरज ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और लाठी से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रात में ही सूरज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कमलेश की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होने की बात कही गई है। पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया कि पानी भरने के दौरान विवाद होने पर कमलेश के परिजनों ने उसे बुरी तरह पीटा था। सरेआम हुई इस बेइज्जती को वह बर्दाश्त नहीं कर सका। पहले कमलेश और उसके परिजनों ने ही उसे मारा। बाद में जब उसे मौका मिला तो उसने कमलेश को लाठी से पीटा। उसका इरादा कमलेश की हत्या करने का नहीं था, बल्कि उसे पीटकर अपनी पिटाई का बदला लेने का था।