बदायूं

Budaun News: बुखार के रोगियों का पता लगाने को डोर-टू डोर सर्वे

Connect News 24

– सकरीजंगल गांव में महिला समेत किशोरी की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य विभाग

– बसोमा में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे 50 से अधिक मरीज

संवाद न्यूज एजेंसी

उझानी (बदायूं)। इलाके के गांव सकरी जंगल में बुखार से महिला और किशोरी की मौत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से डोर-टू डोर सर्वे शुरू करा दिया गया है। गांव के करीब 40 फीसदी घरों में बुखार के रोगी बताए जा रहे हैं।

सर्वे सोमवार को शुरू हुआ। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को बुखार के रोगियों का पता लगाने का काम सौंपा गया। दो दिन तक चलने वाले सर्वे में बुखार के रोगियों को चिह्नित कर रिपोर्ट चिकित्साधीक्षक को सौंपी जानी है। सर्वे से पहले शनिवार और रविवार को चिकित्साधीक्षक की मौजूदगी में शिविर लगा था।

शिविर में अब तक बुखार के करीब ढाई सौ रोगी सामने आ चुके हैं। सौ से अधिक रोगियों के मलेरिया और डेंगू की जांच के लिए ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं। ब्लड सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार शाम तक आने की उम्मीद है।

इधर, बसोमा गांव में भी बुखार की मरीज सामने आने लगे हैं। पूर्वाह्न डॉ. अनुप्रिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्यीय टीम ने कैंप लगाकर 50 से अधिक मरीजों का चेकअप किया। ब्लड सैंपल भी लिए गए। बता दें कि बसोमा में तीन साल पहले बुखार ने जबर्दस्त कहर बरपाया था।

महिलाओं समेत करीब सात लोगों की मौत हो गई थी। इधर, चिकित्साधीक्षक गंगवार ने बताया कि सकरी जंगल में बुखार का प्रकोप कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हसीना और पड़ोस की 15 वर्षीय दिलवरी की मौत डेंगू से नहीं हुई थी। दोनों को बुखार आया था। बाद में दोनों की हालत बिगड़ गई।

चिकित्साधिकारी समेत गैर हाजिर कर्मियों का जवाब-तलब

सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने पिछले दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें चिकित्साधिकारी अनिल कुमार के अलावा 25 कर्मचारी भी नहीं मिले थे। कुछ के रजिस्टर पर हस्ताक्षर थे, लेकिन मौके पर नहीं मिलने के कारण सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार से गैर हाजिर स्वास्थ्य कर्मियों के बारे में जानकारी की। उन्होंने बताया कि बाद में कुछ कर्मचारी आ गए थे। बावजूद इसके सीएमओ ने चिकित्साधिकारी समेत सभी गैर हाजिर कर्मचारियों का जवाब-तलब किया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button