Budaun News: पाइप पेयजल परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
डीएम ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कलक्ट्रेट में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। कहा कि मार्च 2024 तक हर घर जल योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक घर में कनेक्शन हो। उन्होंने ग्रामीण पाइप पेयजल परियोजनाओं के कार्यों व सत्यापन के काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने कहा कि हर घर जल योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। ऐसे में जो भी जलापूर्ति की जाए, वह शुद्ध व साफ हो। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जल का समय-समय पर परीक्षण करते रहें। अधिशासी अभियंता जल निगम नरेंद्र वर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग चार लाख 19 हजार घर हैं। इन सभी में जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि योजना 2000 करोड़ की है। जिसे मार्च 2024 तक पूरा करना है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के द्वितीय चरण में जिले के 501 राजस्व ग्रामाें का चयन किया गया था। जिसमें से 146 ग्राम पंचायत में पानी पहुंचाया जाना है। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने 59 पेयजल परियोजनाओं का सत्यापन भी कर लिया है। इस मौके पर सीडीओ केशव कुमार के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे।