Budaun News: घर की तीसरी मंजिल पर धमाका, युवक के दोनों हाथ उड़े, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
बदायूं/सिलहरी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा गांव में दिवाली की शाम एक मकान की तीसरी मंजिल पर गंधक पोटाश पीसते वक्त धमाका हो गया। इसमें एक युवक के दोनों हाथों के चिथड़े उड़ गए। अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई।
शहर से सटे गांव आरिफपुर नवादा निवासी हर्ष (18) पुत्र रवि तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह बरेली कॉलेज में बीएससी का छात्र था। वह एक दिन पहले बाजार से गंधक पोटाश खरीदकर लाया था। रविवार को दिवाली की शाम उसके परिवार के लोग झालर लगाने में व्यस्त थे। महिलाएं घर के अंदर रंगोली बना रहीं थीं। शाम करीब चार बजे तीसरी मंजिल पर बने कमरे में हर्ष गंधक पटाखे बनाने के लिए पोटाश पीसने लगा। इसी दौरान तेज धमाका हुआ, जिससे हर्ष के दोनों हाथों के चीथड़े उड़ गए। कुछ हिस्सा घर के बाहर सड़क पर आकर गिरा। साथ ही दूसरे मंजिल की छत भी चिटक गई। परिजन तुरंत हर्ष को जिला अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई और खेड़ा नवादा चौकी इंचार्ज सुपेंद्र मलिक ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों से पूछताछ भी की।
सेना में भर्ती होना चाहता था युवक
– आरिफपुर नवादा निवासी हर्ष सेना में भर्ती होना चाहता था। उसके पिता एनएमएसएन दास कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। पास में ही उसकी ननिहाल है। वह अक्सर अपनी ननिहाल में ही रहकर पढ़ाई करता था। वह दिवाली के मौके पर ही अपने घर आया था।