Budaun News: दीवाली पर कारोबारियों के चेहरे खिले, 250 करोड़ से ज्यादा का कारोबार

गोपी चौक पर उमड़ी ग्राहकों की भीड़। संवाद
बदायूं। पंचोत्सव का त्योहार कारोबारियों के लिए काफी बेहतर साबित हुआ। धनतेरस और दीपावाली पर बाजारों में काफी रौनक रही। जहां जहां बाजार से सजे, वहां लोगों की भीड़ नजर आई। सराफा बाजार हो या फिर आतिशबाजी, मूर्ति, मिठाई, पटाखा, इलैक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल बाजार में भी 250 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
मिठाई का कारोबार भी तीन करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया। कारोबारी संजीव गुप्ता ने बताया कि जिले में करीब ढाई दो करोड़ रुपये के ड्राई फ्रूट भी बिक गए। पटाखों का जिले में करीब छह करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
सवा दो करोड़ की बिक गई मूर्ति
-जिले में इस बार दीपावली पर मूर्ति का कारोबार जमकर हुआ। व्यापारी महेश सिंह ने बताया कि जिले में इस बार मूर्ति समेत अन्य संबंधित चीजें करीब सवा दो करोड़ रुपये की बिकी हुई है। इसमें माता रानी मूर्तियों समेत खील, खिलौने, बतासे की बिक्री भी अच्छी हुई।
वाहन बाजार ही 100 करोड़ से ज्यादा
-जिले में इस बार दो पहिया बाजार चमका है। इसका प्रमुख कारण इस बार किसानों की फसल ठीक होना है। साथ ही उनके उपज के दाम बेहतर मिले हैं। ऐसे में इस बार जिले में करीब 50 करोड़ के दो पहिया वाहन बिक गए हैं। चार पहिया वाहन भी करीब 12 से 15 करोड़ रुपये तक बिकने की बात कही जा रही है। वहीं 30 करोड़ रुपये के ट्रैक्टर भी बिके हैं।
सराफा बाजार गया 70 करोड़ के पार
-जिले में इस बार सराफा बाजार में भी जमकर धनवर्षा हुई है। यहीं वजह है दीपावली पर सराफा बाजार 70 करोड़ के पार गया हैं। लोगों ने माता रानी की मूर्ति के अलावा खुद के उपयोग में आने वाली चीजों की जमकर खरीदारी की है।