Budaun News: गड्ढे के पानी में डूबे बच्चों के परिजनों को मिला मुआवजा
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Wed, 11 Oct 2023 01:03 AM IST
बदायूंं। उघैती थाना क्षेत्र के गांव एपुरा में गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में भरे पानी में डूबकर मरे दो बच्चों के परिजनों को मंगलवार को डीएम ने छह-छह लाख रुपये का मुआवजा दिया। इसके अलावा दो-दो लाख रुपये ठेकेदार की ओर से दिए गए हैं।
गांव एपुरा के 11 वर्षीय फुरकान और 12 वर्षीय आमीन की गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबकर 30 जुलाई को मौत हो गई थी। कांग्रेस नेता अजीत सिंह यादव ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से शिकायत कर हादसे के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे के ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया था।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव ने यूपीडा के सीईओ व डीएम को नोटिस भेजकर बच्चों की मौत के मामलों की जांच कर कार्रवाई रिपोर्ट छह हफ्ते में आयोग के समक्ष पेश करने का आदेश दिया था। रिपोर्ट भेजने के बाद सोमवार को डीएम मनोज कुमार ने बच्चों के परिजनों को छह-छह लाख रुपये का मुआवजा दिया। इसके अलावा दो-दो लाख रुपये ठेकेदार की ओर से दिए गए हैं।



