Budaun News: आज किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कमतर नहीं हैं महिलाएं

इस्लामनगर में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में मौजूद अतिथि। संगठन
बदायूं। इस्लामनगर में भाजपा की ओर से आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में महिलाओं से राजनीति में आगे आने और अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया गया। इस दौरान महिलाओं को केंद्र सरकार की उनके हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर तिलहर, शाहजहांपुर की विधायक सलोना कुशवाहा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कमतर नहीं हैं।
बतौर मुख्य अतिथि सम्मेलन को संबोधित कर रहीं तिलहर विधायक ने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि राजनीति में भी महिलाओं को बराबर की भागीदारी करनी चाहिए। पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान को लेकर काफी संवेदनशील है।
इससे पहले उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता के साथ जनसंपर्क अभियान के तहत स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा योजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पूनम यादव, अमिता उपाध्याय, दीपमाला गोयल, करुणा सोलंकी, ममता माहेश्वरी आदि मौजूद रहीं। संचालन युवा मोर्चा की पूर्व प्रदेश मंत्री मोनिका सक्सेना व मंडल महामंत्री राजीव शर्मा ने किया।



