Budaun News: बड़े झंझट हैं मंडी की राह में… दोपहर से पहले आए तो फंस जाओगे जाम में

उझानी में मंडी गेट पर लगा जाम। संवाद
उझानी (बदायूं)। मंडी समिति ने इन दिनों बरेली-मथुरा हाईवे पर सफर को बेहद मुश्किल कर दिया हैै। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक तो इधर से निकलना किसी जंग को जीत लेने से कम नहीं है। घंटों जाम में फंसने से बेहतर है किसी दूसरे रोड का विकल्प चुन लेना। ऐसा ही नजारा मंगलवार को भी देखने को मिला। गेट के आसपास अनाज लदे वाहनों से जाम लगा तो पुलिस का भी पसीना छूट गया।
बरेली-मथुरा हाईवे पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने अनाज लदे वाहनों की वजह से जाम की शुरूआत सुबह करीब आठ बजे से हो गई। कोतवाली पुलिस की ओर से दरोगा विजय गुप्ता समेत सिपाहियों और होमगार्ड ने जाम खुलवाने का मोर्चा संभाल तो लिया, लेकिन बेतरतीब खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच से रोडवेज बसों और ट्रकों को गंतव्य की ओर निकलवाना मुश्किल हो गया। बरेली और बदायूं से हाईवे के रास्ते मथुरा, हाथरस, अलीगढ़ और कासगंज तक आने-जाने वाले कार सवार राहगीरों को भी जाम का सामना करना पड़ा।
जाम में फंसे कार चालक सोरों निवासी हरिओम ने बताया कि छतुइया फाटक से आंबेडकर चौराहे तक एक किलोमीटर का सफर तय करने में करीब एक घंटा लग गया। सबसे ज्यादा दिक्कत मंडी के पास धर्मकांटों के नजदीक पहुंचने पर सामने आई। आवागमन सुचारु कराने में जुटे दरोगा गुप्ता ने बताया कि सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक जाम में फंसे वाहन कछुआ चाल से रेंगते रहे।
आठ किमी का फेर पड़ेगा… वाया मुजरिया होकर निकल जाना
मंडी में खासकर धान की आवक बढ़ जाने की वजह से उझानी और कादरचौक ही नहीं, बल्कि गंगापार इलाके के किसान भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से धान लेकर आ रहे हैं। बरेली और बदायूं की तरफ से खासकर पूर्वाह्न तक कासगंज की ओर जाना है तो जाम में फंस जाने से अच्छा यही रहेगा कि आंबेडकर चौराहे से वाया मुजरिया होकर वितरोई के रास्ते बरेली-मथुरा हाईवे से जुड़ें। यही रूट कासगंज की ओर से आने पर भी मुफीद रहेगा। वाया मुजरिया होकर सफर में महज आठ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी, लेकिन घंटों जाम में फंसने से बच जाएंगे।
मंदिर तक भी नहीं पहुंच पाए श्रद्धालु
बरेली-मथुरा हाईवे पर मंडी मोड़ के पास ही संतोषी माता का मंदिर है। मंदिर में रोजाना पूजा-अर्चना के लिए सैकड़ों लोग आते हैं। मंदिर के प्रबंधक संजय मित्तल ने बताया कि मंगलवार को मंदिर के आसपास भी जाम में फंसे वाहन खड़े हो गए, इससे श्रद्धालुओं का मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो गया। कई श्रद्धालुओं को बिना पूजा किए ही लौटना पड़ा।
– मंडी गेट के पास अनाज लदे वाहनों की वजह से हाईवे से होकर गुजरने वाले वाहन सवार लोगों को दिक्कत हो रही है। इसी के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। फिर भी जाम लग जाता है।- मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक

उझानी में मंडी गेट पर लगा जाम। संवाद



